कांग्रेस की रैली की तैयारी में जुटे अनंत सिंह ने कहा-रसगुल्ले से करेंगे सबका स्वागत
बाहुबली नेता अनंत सिंह कांग्रेस की तीन फरवरी को होने वाली जन आकांक्षा रैली की तैयारियों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि रैली में अानेवाले लोगों को खाना खिलाएंगे तब रैली में जाएंगे।
पटना, जेएनएन। मोकामा से निर्दलीय बाहुबली विधायक अनंत सिंह कांग्रेस की जन आकांक्षा रैली की तैयारी में जोर-शोर से जुटे हुए हैं। रैली की पूरी तैयारी वो खुद देख रहे हैं, खुद ही खाना-मिठाई तैयार करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन तारीख को कांग्रेस की रैली में इतनी भीड़ होगी की पटना का गांधी मैदान भी छोटा पड़ जाएगा। लोगों को पटना में पानी तक पीने को नहीं मिलेगा। ये अबतक का सबसे बड़ी और यादगार रैली होगी।
अनंत सिंह की तरफ से पटना के मिलर हाईस्कूल में रैली में आनेवाले लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है। उनका कहना है कि रैली में जो लोग भी आएंगे वो भूखे नहीं रहेंगे। उनके खाने-पीने की व्यवस्था है और जो लोग रात में रूकेंगे उनके लिए जागरण का कार्यक्रम भी रखा गया है।
उन्होंने कहा कि मेरी तरफ से रैली में हजारों की संख्या में लोग आएंगे और खाना-पीना यहां करने के बाद गांधी मैदान में जाएंगे। अनंत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अच्छी है, लोगों के बारे में सोचती है। हम इसीलिए सेवा कर रहे हैं। कांग्रेस ज्वाइन करने के सवाल पर कहा कि कांग्रेस को तय करना है कि मैं कब ज्वाइन करूं। उन्होंने कहा कि ये सब कोई टिकट पाने के लिए नहीं कर रहे।