JDU Workers Summit: रात में पुलाव-कचौड़ी तो सुबह दाल-भात-घी पापड खिलाए गए लोगों को, मुर्गा-पनीर भी दिए गए खाने में
रविवार को हुए जदयू कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए खाने की जबर्दस्त व्यवस्था की गई थी। रात से ही मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों के आवासीय इलाके में पकवानों की सुगंध तैर रही थी।
पटना, जेएनएन। पटना के गांधी मैदान में रविवार को जदयू कार्यकर्ता सम्मेलन हो गया। इसमें काफी संख्या में नेता से लेकर कार्यकर्ता पहुंचे। उनके स्वागत के लिए मंत्री से लेकर सांसद व विधायक तक ने पूरी तैयारी की थी। शनिवार शाम से ही मंत्रियों के आवासीय इलाके में पकवानों की सुगंध तैर रही थी। शनिवार की रात और रविवार की सुबह के भोजन के साथ-साथ कई मंत्रियों ने सम्मेलन में भाग लेकर लौटने वाले लोगों के लिए कलेवा भी बांध कर दिया, ताकि रास्ते में कोई दिक्कत नहीं हो।
मंत्री शैलेश कुमार ने बताया कि रात में पुलाव-कचौड़ी, सब्जी, रायता खिलाया गया, जबकि सुबह में मुर्गा-भात का इंतजाम किया गया था। इनके पड़ोस में मंत्री श्रवण कुमार के आवास पर लोग सुबह में जुटे। वहां पर चावल-दाल, सब्जी, पापड़ घी का इंतजाम किया गया था।
मंत्री नीरज कुमार के आवास पर देर शाम से ही भीड़ दिखी। वहीं, क्षेत्र के लोग रविवार की सुबह पहुंचे। कुचायकोट विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय के लोग भी आज सुबह पहुंचे। उनके यहां सुबह में मुर्गा-मीट का पर्याप्त इंतजाम किया गया था। वहीं, शाकाहारी लोगों के लिए पनीर की सब्जी की व्यवस्था की गई थी।
बेली रोड में मंत्री शैलेश कुमार ने अपने आवास के नीचे वाले हिस्से को पूरी तरह से कार्यकर्ता सम्मेलन में आने वाले लोगों के लिए व्यवस्थित किया था। कमरे में गद्दे व तकिया बिछा दिए गए थे। महिलाओं के लिए अलग इंतजाम किया गया था। युवा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुशवाहा ने बताया कि पंद्रह हजार युवा जदयू के कार्यकर्ताओं के लिए मिलर स्कूल मैदान में व्यवस्था की गयी थी, लेकिन उससे कहीं अधिक लोग पहुंचे। रात में दाल-भात सब्जी और सुबह 30 हजार लोगों के लिए पूरी-बुंदिया के पैकेट तैयार किये गए थे।
इको पार्क के सामने ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के आवास में सुपौल से आने वाले लोगों के लिए तीन पंडाल लगाए गए थे। उनके पड़ोस में शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा के आवास में भी खूब इंतजाम किया गया था। वर्मा ने बताया कि शनिवार की शाम पूरी-बुंदिया का इंतजाम किया गया था, जबकि सुबह में चावल-दाल सब्जी खिलाये गये।
जदयू कार्यकर्ता सम्मेलन को ले स्ट्रैैंड रोड में उत्सवी माहौल था। पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के खाली आवास में जदयू विधायक कौशल यादव ने नवादा से आने वाले लोगों की व्यवस्था कर रखी थी। लोगों के ठहरने के लिए विशाल पंडाल बनाया गया था। रात में चावल-दाल, सब्जी और बैैंगन का बचका खिलाया गया। सुबह में छोला-पूरी का प्रबंध किया गया था। इसके अतिरिक्त यहां बोतलबंद पानी भी कार्यकर्ताओं को दिया गया। प्रदेश जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह के आवास पर एक हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गयी थी।
स्ट्रैैंड रोड में परिवहन मंत्री संतोष निराला, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा और पूर्व मंत्री रंजू गीता के साथ विनोद यादव ने भी इंतजाम किया हुआ था। हार्डिंग रोड के आरंभ में ही मंत्री जयकुमार सिंह के घर भी बड़ा पंडाल लगा था। जदयू प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह के आवास के बाहर सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी धूम रही। स्ट्रैैंड रोड में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का इंतजाम था। स्वच्छता को लेकर जागरूकता इस तरह से दिखी कि सभी जगहों पर चलंत शौचालय के ट्रैक्टर नजर आए। इसके अलावा विधायक ददन पहलवान ने भी कार्यकर्ताओं के लिए खाने की विशेष व्यवस्था की थी। वे खुद ही खाना बनाते देखे गए।