Solar Eclipse: अगले हफ्ते लग रहा सूर्यग्रहण, सही टाइमिंग और बिहार में प्रभाव की पाएं जानकारी
Solar Eclipse in India इस वर्ष का पहला सूर्य ग्रहण इसी महीने में अगले हफ्ते पड़ रहा है। खास बात यह है कि ग्रहण के दिन ही शनि देव की जयंती भी है। इस संयोग से ग्रहण का दिन अधिक प्रभावकारी हो गया है।
पटना, जागरण संवाददाता। Solar Eclipse in India: वर्ष 2021 का पहला सूर्य ग्रहण इसी माह लगने वाला है। खास बात यह है कि इसी दिन सूर्य देव के पुत्र माने जाने वाले शनि देव की जयंती भी है। ऐसे में ग्रहण के दिन सूर्य के साथ ही शनि देव का भी असर आम जनजीवन पर पड़ेगा। यह ग्रहण 10 जून को दोपहर 1.42 बजे से शुरू होकर शाम 6.41 बजे तक रहेगा। ग्रहण का अलग-अलग राशि के लोगों पर प्रभाव भी अलग-अलग पड़ेगा। इस खबर में आपको ग्रहण के प्रभाव के साथ खास तौर पर बिहार में इसके असर के बारे में जान सकेंगे।
ज्येष्ठ की अमावस्या को हुआ था शनिदेव का जन्म
सूर्य पुत्र शनिदेव की जयंती जेठ महीने की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। इस दिन शनि देव की पूजा-अर्चना का विशेष फल मिलता है। शनि का असर मनुष्य के जीवन पर काफी गहरा होता है। इसलिए इनकी पूजा-अर्चना में विशेष सतर्कता की जरूरत होती है। यह ग्रहण वलय अर्थात् रिंग के आकार में दिखेगा। यह ग्रहण उत्तरी अमेरिका के अलावा कुछ अन्य देशों में भी दिखेगा।
भारत में नहीं लगेगा ग्रहण का सूतक
ज्योतिष आचार्य बता रहे हैं कि यह सूर्यग्रहण हमारे देश में दृश्य नहीं होगा। ग्रहण से जुड़े विधान के अनुसार सूतक वहीं लगता है, जहां ग्रहण दृश्य होता है। भारत में दृश्यता नहीं होने के कारण इसका सूतक भी नहीं लगेगा। सूतक वह समय है, जब शुभ कार्यों के अलावा पूजा-अर्चना, खाना-पीना आदि वर्जित रहता है। इस अवधि में व्रत रहकर भगवान के नाम जप को फलदायी माना गया है। बिहार में ग्रहण के दौरान भी लोग सामान्य तरीके से अपने रोजाना के कामकाज कर सकेंगे।
वृष राशि वालों का सतर्क रहने की जरूरत
इस ग्रहण के कारण वृष राशि वाले लोगों को स्वास्थ्य में दिक्कत, धन की हानि, बेकार का खर्च होने जैसे प्रभाव दिख सकते हैं। वृश्चिक वाले लोगों के लिए ग्रहण शुभ रहेगा। उनके लिए नई संभावनाओं के अवसर बनेंगे। मीन राशि वालों के लिए भी यह ग्रहण सकारात्मक प्रभाव पैदा करेगा। अन्य राशियों पर इसका असर नकारात्मक होगा। शनि देव के नकारात्मक असर से बचने के लिए भगवान हनुमान की पूजा करनी चाहिए।