बिहार में स्कूल की दीवार पर दिखे ISIS जिंदाबाद के नारे, पुलिस ने शुरू की जांच
बिहार के नवादा में एक स्कूल की दीवार पर आतंकी संगठन आइएसआइएस के पक्ष में नारे लिखे मिले। इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नवादा [जेएनएन]। क्या बिहार में आतंकी संगठन आइएसआइएस (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया) सक्रिय है? ऐसा हम नहीं कह रहे, नवादा के एक स्कूल की दीवार पर लिखे 'आइएसआइएस जिंदाबाद' के लिखे नारे कह रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने उन्हें मिटवा दिया। घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्कूल की दीवार पर लिखे थे नारे
मिली जानकारी के अनुसार नवादा नगर थाना से सटे गांधी इंटर विद्यालय के वर्ग कक्ष के बाहर दीवार पर आइएसआइएस जिंदाबाद के नारे लिखे मिले। नारे तीन जगहों पर काले रंग से लिखे गए थे। स्कूल के प्राचार्य अफजल सआदत हुसैन ने उन्हें तुरंत मिटवा दिया। उन्होंने इसे शरारती तत्वों की करतूत बताई। स्कूल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी ।
मामले को प्रचार्य ने शरारत बताया
प्राचार्य ने इस मामले को किसी की शरारत बताया। उन्होंने बताया कि सुबह में नवम कक्षा में नामांकन के लिए जांच परीक्षा ली गई थी। उस समय किसी प्रकार का नारा नहीं लिखा था। उनके अनुसार स्कूल बंद होने के बाद शरारती तत्वों ने ऐसी करतूत की होगी।
प्राचार्य ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर स्कूल के पीछे दीवार तोड़कर गेट लगवाया गया है। इससे असामाजिक तत्व अंदर घुस आते हैं। मैदान में काफी संख्या में बाहर के बच्चे खेलने पहुंच जाते हैं। खेलने वाले बच्चे ग्रिल तोड़कर घुस जाते हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
प्राचार्य के दावे अपनी जगह, लेकिन कुख्यात आतंकी संगठन के समर्थन में लिखे नारों को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। नगर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना का सत्यापन कराया जा रहा है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप कार्रवाई होगी।