बिहार: होली को ले ट्रेनें फुल, आसमान छूने लगा विमान का किराया
होली के अवसर पर दूर-दूर से लोग घर आते हैं। इस कारण ट्रेनें फुल हो गईं हैं। उधर, विमान का किराया भी आसमान छूने लगा है।
पटना [जेएनएन]। होली के मौके पर ट्रेनों में कोई बर्थ उपलब्ध नहीं है। सुविधा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का किराया आम दिनों की अपेक्षा चार-चार गुना अधिक हो गया है। हमसफर हो या राजधानी एक्सप्रेस, प्रतीक्षा सूची का किराया भी डायनेमिक किराये के चरम पर पहुंच चुका है। ट्रेनों में बर्थ उपलब्ध नहीं होने पर विमानों पर जोर पडऩे लगा है। नतीजा यह है कि दिल्ली हो अथवा मुंबई विमान किराया भी आसमान छूने लगा है।
दिल्ली से इंडिगो व गो एयर का किराया भी होली के पहले 10 हजार से ऊपर पहुंच चुका है। एयर इंडिया का किराया तो सर्वाधिक ऊंचाई पर पहुंच गया है। इसका किराया 15 हजार से 20 हजार तक पहुंच चुका है। जेट एयरवेज का किराया भी 11 हजार से 15 हजार के बीच है।
सबसे अधिक किराया 28 फरवरी को है। मुंबई व बेंगलुरु से आने वाले विमानों का किराया भी आसमान छूने लगा है। मुंबई व बेंगलुरु से पटना का किराया 12 हजार से 25 हजार के बीच पहुंच चुका है। 28 फरवरी को सर्वाधिक किराया है।