महाराष्ट्र के ठाणे में पलटी पिकअप वैन, दबने से सिवान के तीन की मौत- स्वजनों में मचा कोहराम
महाराष्ट्र के ठाणे में बुधवार को हुआ एक सड़क हादसे में सिवान के तीन की मौत हो गई। हादसे के बाद स्वजनों को शव गांव में पहुंचने का इंतजार है।
सिवान, जेएनएन। महाराष्ट्र के ठाणे में बुधवार को सड़क दुर्घटना में जिले के तीन युवकों की मौत हो गई। मौत की सूचना जैसे ही स्वजनों को मिली स्वजनों में कोहराम मच गया। स्वजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतकों में वैशाखी निवासी भगवान यादव के पुत्र संतोष यादव, जीबी नगर के अमर सिंह तथा बंटी कुमार शामिल हैं।
बताया जाता है कि तीनों सोमवार को ठेकेदार के साथ एक पिकअप पर सवार होकर काम करने लिए महाराष्ट्र जा रहे थे। इस दौरान महाराष्ट्र के ठाणे में बुधवार को गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। जिससे तीन लोगों की मौत हो गई तथा दर्जन भर लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज वहां के अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना बुधवार की देर शाम स्वजनों को मिली तो सभी स्वजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि लॉकडाउन के चार महीने बाद परिवार की आर्थिक तंगी दूर करने के उद्देश्य से सभी मजदूर अपने ठेकेदार के साथ बाहर काम करने गए थे। स्वजनों के अनुसार शुक्रवार को शव गांव आने की संभावना है।
युवक को चाकू मार किया घायल
संसू, बड़हरिया (सिवान) : थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में बुधवार की शाम आपसी विवाद में हुई चाकूबाजी में एक युवक घायल हो गया। घायल भगेलु यादव का पुत्र डोमा यादव बताया जाता है। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में गांव के ही सत्येंद्र यादव तथा छठिया देवी को आरोपित किया गया है। घायल डोमा यादव ने बताया कि बुधवार की शाम वह अपने घर के दरवाजे पर बैठा था तभी उसकी बकरी सत्येंद्र यादव के दरवाजे पर चली गई। इस दौरान सत्येंद्र यादव यादव की मां गाली गलौज करने लगी। इसका विरोध करने पर सत्येंद्र यादव व छठिया देवी धारदार हथियार से वार कर डोमा यादव को घायल कर दिया।