साली और कई महिला सिपाही से था चक्कर, पत्नी के बारे में बोला झूठ; सिवान पुलिस ने खोली पोल
मध्य प्रदेश पुलिस के सिपाही ने पहले तो अपनी पत्नी को चकमा दिया और बाद में बिहार पुलिस को लेकिन वह कानून के हाथ से बच नहीं सका। सिपाही का अपनी साली के साथ ही मध्य प्रदेश पुलिस में कार्यरत कुछ महिला कर्मियों से भी अवैध संबंध था।
सिवान, जागरण टीम। मध्य प्रदेश पुलिस के सिपाही ने पहले तो अपनी पत्नी को चकमा दिया और बाद में बिहार पुलिस को, लेकिन वह कानून के हाथ से बच नहीं सका। पुलिस का दावा है कि इस सिपाही का अपनी साली के साथ ही मध्य प्रदेश पुलिस में कार्यरत कुछ महिला कर्मियों से भी अवैध संबंध था। इस बात का पता सिपाही की पत्नी को चल गया था। वह इन चीजों का विरोध करती थी। यह सिपाही कुछ दिनों पहले ही सिवान में अपने गांव आया। अपनी पत्नी को परीक्षा दिलाने के लिए पटना लेकर गया। पटना से लौटते वक्त ही उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दिए जाने की सूचना पुलिस को दी। उसने बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने गांव के ठीक पास उसकी पत्नी को गोली मार दी।
पुलिस ने पति को ही किया गिरफ्तार
सिवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र के मदेशिलापुर गांव स्थित पुल समीप आठ जनवरी की देर शाम सिवान से अपने पति के साथ बाइक से घर लौट रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना का पुलिस ने सात दिन बाद उद्भेदन कर दिया है। मृत रिया की हत्या उसके पति सुधीर यादव ने ही की थी। पुलिस ने शुक्रवार को छापेमारी कर सुधीर को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।
अवैध संबंध का विरोध करती थी पत्नी
पुलिस के मुताबिक रिया की हत्या उसके पति के अवैध संबंध का विरोध करने को लेकर हुई। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि हत्या के बाद कई पहलुओं से जांच करने के बाद यह पता चला कि सुधीर का कई महिलाओं से अवैध संबंध था और इसका रिया विरोध करती थी। पूछताछ के दौरान सुधीर ने स्वीकार किया है कि उसका अवैध संबंध कई महिलाओं से था। इसकी भनक रिया को लग गई थी। इसको लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था। इसी कारण उसकी हत्या करने की योजना बनाई।
सीटीईटी की परीक्षा दिलवाने ले गया था पटना
पटना से सीटीईटी की परीक्षा दिलाने के बाद रात्रि में घर वापसी के क्रम में सुनसान जगह पर उसकी सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। पूछताछ के दौरान सुधीर कुमार ने बताया है कि उसका अवैध संबंध उसकी साली और मध्यप्रदेश में कुछ महिला पुलिस कर्मियों से भी था, इसको लेकर आए दिन पति पत्नी में झगड़ा हुआ करता था। बता दें कि रिया देवी की हत्या मामले में पति सुधीर कुमार यादव ने आठ जनवरी की देर रात थाना में आवेदन देकर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बता दें कि सुधीर मध्यप्रदेश में पुलिस में तैनात था।
मोबाइल सीडीआर से हत्या का हुआ खुलासा
कांड के अनुसंधानकर्ता थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने सुधीर कुमार एवं रिया देवी के मोबाइल सीडीआर की जांच की। इसके बाद जो बातें सामने आई, उसी के आधार पर जांच बढ़ी। मोबाइल सीडीआर से हत्या का खुलासा कर वरीय अधिकारी के आदेश के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया गया।