बिहार बोर्ड की फर्जी टॉपर रूबी राय के पिता गिरफ्तार
बिहार के टॉपर घोटाला के सिलसिले में शनिवार को एसआइटी ने इंटर आर्ट्स की फर्जी टॉपर रही रूबी राय के पिता अवधेश राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें वैशाली के भगवानपुर से पकड़ा।
पटना [जेएनएन]। बिहार बोर्ड के टॉपर घोटाला के सिलसिले में इंटर आर्ट्स की फर्जी टॉपर रही रूबी राय के पिता अवधेश राय को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी वैशाली के भगवानपुर से एसआइटी ने की। वे घोटाला के उजागर होने के बाद से फरार चल रहे थे।
यह भी पढ़ें: बिहार बोर्ड ने एडमिट कार्ड पर दिया गलत पता, अब परीक्षार्थी परेशान
विदित हो कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) में बीते कुछ सालों से टॉप कराने का घोटाला चल रहा था। साल 2016 की इंटर आर्ट्स टॉपर रही रूबी राय ने एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान अपना विषय 'प्रोडिकल साइंस' (पॉलिटिकल साइंस) बताते हुए कहा कि इसमें 'खाना बनाने की जानकारी' दी जाती है। इस मामले ने तूल पकड़ा तो सरकार ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू करा दी। इसके बाद घोटाले की परतें खुलती गईं।
घोटाला उजागर होने के बाद रूबी राय के कॉलेज के प्राचार्य व घोटाला के मास्टरमाइंड बच्चा राय व रूबी के पिता के संबंध भी उजागर हुए। रूबी के पिता ने बेटी को टॉप कराने पर बच्चा राय को छह एकड़ जमीन देने का वादा किया था।
यह भी पढ़ें: रिजल्ट घोटाले से भी बड़ा है बिहार का BSSC का घोटाला
इस बीच बिहार बोर्ड ने रूबी के रिजल्ट को रद कर दिया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घोटाला में संलिप्तता के आरोप में रूबी के पिता को पुलिस खोज रही थी। शनिवार को पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया।