राजद के शिवानंद ने भाजपा नेताओं को बताया 'देशद्राेही' व 'विधर्मी', आगे कही ये बात
राजद नेता शिवानंद तिवारी ने कहा कि भाजपा राम मंदिर व हिंदू धर्म के नाम पर दंगा कराना व वोट पानी चाहती है। उसके पास बताने के लिए कोई काम नहीं है। उन्होंने और क्या कहा, जानिए यहां।
पटना [जेएनएन]। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता व पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाने वाले शिवानन्द तिवारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं को 'देशद्रोही' व 'विधर्मी' करार देते हुए कहा है कि वे देश में दंगा कराकर वोट हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने भाजपा पर राम के नाम को कीचड़ में घसीटने का आरोप लगाया।
भगवान राम को कीचड़ में घसीट रही भाजपा
शिवानंद ने कहा कि बदहवास भाजपा जिस प्रकार भगवान राम को कीचड़ में घसीट रही है, वह शर्मनाक है। उसे जनता के बीच जाकर अपने काम के बल पर वोट मांगने का साहस नहीं है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की नरेंद्र मोदी सरकार ने ऐसा कोई काम किया ही नहीं, जिसे दिखाकर भाजपा फिर सत्ता के लिए वोट मांग सके। इसलिए 'विधर्मी' लोग राम मंदिर और हिंदू धर्म के नाम पर वोट पाना चाहते हैं।
जगह-जगह दंगा कराकर वोट हासिल करने की साजिश
शिवानंद ने कहा कि भाजपा जो भी करे, उसकी पोल जनता के सामने खुल चुकी है। जनता के मूड का अंदाजा कर्नाटक के उपचुनाव में लगा है। इस नतीजे से भाजपा की बेचैनी और बढ़ गई है। अब उसकी कोशिश होगी कि जगह-जगह दंगा कराकर वोट हासिल करे। इस काम में उन लोगों को विशेषज्ञता हासिल हैं। उसका अंतिम सहारा भी यही है।
साजिश को विफल करने का आह्वान
शिवानंद ने कहा कि जो लोग इन देशद्रोहियों को देश हित में सत्ता से बेदख़ल करना चाहते हैं, उनका कर्तव्य है कि वे जगे रहें। सतर्क रहें। वे भाजपा की इस साजिश को सफल नहीं होने दें।