बिहार के छपरा में सनसनीखेज वारदात, छत पर सो रहे पति को महिला ने कुदाल से काटकर मार डाला
सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र की घटना। दो साल पहले ही हुई थी शादी। पति-पत्नी के संबंधों में थी कड़वाहट पत्नी के व्यवहार से खिन्न पप्पू यादव परदेश में ही कामकाज करता था। वह सोमवार को ही आया था।
बनियापुर (सारण), संवाद सूत्र। सारण जिला के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के रामनगर धवरी गांव में सोमवार की रात दिल को दहला देने वाली घटना हुई। एक महिला ने कुदाल से काटकर अपने पति की हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आते ही गांव के लोग सन्न रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
दो वर्ष पहले ही हुई थी शादी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पप्पू यादव की पत्नी गायत्री देवी से संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। दो साल पहले ही पप्पू की शादी उससे हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों में काफी अनबन होने लगी थी। पप्पू बाहर ही रहते थे। वे काेलकाता में कुछ व्यवसाय करते थे। ग्रामीणों का कहना है कि पत्नी के व्यवहार से पप्पू काफी खिन्न रहता था। वह सोमवार को ही घर आए थे। घर आते ही एक बार फिर पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया।
खाने के बाद पति-पत्नी में हुआ था विवाद
स्वजनों के अनुसार रात में खाना खाने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी में नोकझोंक शुरू हो गई। कुछ देर बाद पप्पू सोने के लिए छत पर चले गए। बताया जाता है कि सोए अवस्था में ही गायत्री ने उसे कुदाल से काट दिया। छत पर चले कुदाल की आवाज से घर के लोग जाग गए। घर के लोग जब पहुंचे तो देखे की पप्पू की ह्त्या हो चुकी थी। इसके बाद आनन फानन में परिजनों ने गायत्री को कब्जे में कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंच कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के द्वारा पति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्वजनों का कहना है कि पप्पू ने कहा था कि वह पत्नी को मायके पहुंचा छोड़ देगा। इसी बात पर आगबबूला होकर महिला ने घटना को अंजाम दिया। गांव वालों ने आरोपित महिला को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।