Flood in Patna Bihar: बाढ़ की गंभीरता देख नीतीश ने फिर किया एरियल सर्वे, सिक्किम ने की मदद
पटना की पुनपुन नदी भी उफान पर है। पुनपुन में आई बाढ़ का पानी तबाही मचाए हुए है। बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को एरियल सर्वे किया।
पटना, जेएनएन। बिहार में बाढ़ की विभीषिका देख सीएम नीतीश कुमार काफी चिंतित हैं। गंगा, महानंदा, गंडक, पुनपुन सहित तमाम नदियां उफान पर हैं। प्रदेश के आधे से अधिक जिले बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं राजनधानी पटना अभी भी जलजमाव से परेशान है। बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए सीएम नीतीश कुमार एक बार फिर एरियल सर्वे पर निकले। उन्हाेंने बाढ़ग्रस्त इलाकों को नजदीक से देखा और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं सिक्किम सरकार ने बिहार को मदद की है तो आडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने मदद का भरोसा दिया है।
मिल रही जानकारी के अनुसार सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को एरियल सर्वे में पटना समेत जहानाबाद, अरवल का जायजा लिया। इन क्षेत्रों में पुनपुन समेत अन्य नदियों में उफान है। बाढ़ का पानी कई ग्रामीण इलाकों में घुस गया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गयी है।
सीएम नीतीश कुमार ने एरियल सर्वे में पुनपुन नदी में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। एरियल सर्वे के दौरान जल संसाधन मंत्री संजय झा, मुख्य सचिव दीपक कुमार, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार साथ थे।
वहीं, बाढ़ की त्रासदी पर ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार से बात की। नवीन पटनायक ने बिहार में बाढ़ से उपजे हालात पर बात की तथा मदद का भरोसा दिया। दूसरी ओर, सिक्किम सरकार ने बिहार को मदद की है। सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग की ओर से बिहार को बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए 25 लाख रुपए दिए गए। शुक्रवार को सिक्किम सरकार की ओर से आए सीएम के कांफिडेंशियल सचिव विकास बसनेट ने नीतीश कुमार के प्रधान सचिव चंचल कुमार को यह चेक सौंपा।