सड़क दुर्घटना से फिर 'लाल' हुआ पटना का बाईपास, स्कूल वैन ने तीन राहगीरों का रौंदा
बाईपास के नजदीक शुक्रवार की सुबह सड़क हादसा हो गया। यहां स्कूल वैन ने तीन राहगीरों को जोरदार ठोकर मार दी। सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पटना, जेएनएन। राजधानी के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के बाईपास के नजदीक शुक्रवार की सुबह सड़क हादसा हो गया। यहां स्कूल वैन ने तीन राहगीरों को जोरदार ठोकर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत ये रही कि स्कूल वैन में एक भी बच्चे सवार नहीं थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद कर उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद मची अफरातफरी
बताया जाता है कि रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के बाईपास के नजदीक शुक्रवार की सुबह तीन राहगीर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही स्कूली वैन ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। वैन से टकराने की वजह से तीनों तड़पने लगे। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सभी की हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है।
गाड़ी में ही फंसा रह गया था युवक का शव
राजधानी में गुरुवार को भी सुबह बाईपास के पास दर्दनाक हादसा हो गया था। फतुहा-दनियावां NH पर मलबीघा मुरेरा गांव के समीप तेज रफ्तार वैगनआर कार और डंपर की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने दुर्घनाग्रस्त दोनों वाहन को जब्त कर लिया गया था। मृतक की पहचान नगरनौसा निवासी सुबोध कुमार (22) एवं हिमांशु कुमार (24) वर्ष के रूप में हुई थी। बताया जाता है कि दोनों युवक नालंदा जिले के नगरनौसा से पटना आ रहे थे। इसी दौरान दनियावां NH पर मलबीघा मुरेरा गांव के समीप हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों का शव कार के अंदर ही फंस गया। बाद में मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया।