Lok Sabha Election 2019: सासाराम ने तय कर दिया मीरा और छेदी के भाग्य का फैसला
सासाराम में दो बाद की एमपी मीरा कुमार और वर्तमान सांसद छेदी पासवान के बीच रोचक मुकाबला है। लोगों ने अंगुलियों पर स्याही लगाकर दोनों की किस्मत ईवीएम में कैद कर दी है।
सासाराम, जेएनएन। सासाराम लोकसभा क्षेत्र में EVM खराब होने के कारण कुछ देर विलंब से शुरू हुए मतदान के बाद पोलिंग बूथ पर रविवार को भीड़ उमडऩी शुरू हो गई। मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें दिखने लगीं। इस दौरान यहां 56.83 प्रतिशत वोट पड़े। सातवें और आखिरी चरण की वोटिंग के बाद सबकी नजर इस सीट पर है। क्योंकि कहा जाता है कि यहां जिस पार्टी की विजय होती है, केंद्र में उसी की सरकार बनती है।
दो बार सांसद रही हैं मीरा कुमार
कभी बाबू जगजीवन राम यहां से निर्बाध आठ बार जीते थे। उनकी पुत्री मीरा कुमार भी यहां से दो बार सांसद रह चुकी हैं। सातवें चरण में फिर वे कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। वहीं पिछली बार उन्हें परास्त कर विजेता बने छेदी पासवान पर भाजपा ने एक बार फिर दांव लगाया है। मीरा और छेदी इस बार चौथी दफा मैदान में हैं, लेकिन जीत हर बार छेदी पासवान की ही हुई है। इसबार यहां से 13 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 10 पुरुष और तीन महिलाएं हैं।
मतदान केंद्रों पर भ्रमण करते रहे पदाधिकारी
जिले के वरीय पदाधिकारी भी लगातार मतदान केंद्रों पर भ्रमण करते रहे। मतदान प्रक्रिया के दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 20 लोगों को विभिन्न आरोपों में गिरफ्तार किया गया। डीएम और एसपी स्वयं सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे। पहाड़ी प्रखंड अधौरा में भी मतदाताओं ने जम कर मतदान किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यहां अद्र्धसैनिक पुलिस के जवान तैनात थे। वहीं जिले में बनाए गए सखी मतदान केंद्रों पर केवल महिलाओं ने मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराया। वहीं, जिले में मतदान प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआइजी राकेश राठी भी पहुंचे।
बजार में छाया रहा सन्नाटा
वहीं मतदान प्रक्रिया के दौरान जिले के सभी प्रखंड के बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। मतदान केंद्रों के आसपास केवल कुछ लोग दिखाई दिए। इसके अलावा बाजारों में दुकानें बंद रहीं। किसी भी स्थान पर शाम पांच बजे तक कोई वाहन नहीं चले। शाम चार बजे के बाद जिन विधानसभा में मतदान संपन्न हो गया वहां से ईवीएम लेकर कर्मी मोहनियां में बनाए गए वज्रगृह में पहुंचे, जहां सभी ईवीएम को रखा गया। मतदाताओं के उत्साह के कारण सासाराम लोकसभा सीट के लिए 56.83 प्रतिशत वोट पड़े।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप