बिहार के शहरी इलाकों में ठप पड़ सकती है सफाई व्यवस्था, पूरे राज्य में एक साथ हड़ताल की तैयारी
Municipality Workers Strike in Bihar बिहार में राज्यभर के 30 हजार नगर निकाय कर्मचारी सात सितंबर से बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। इस दौरान वे सफाई कार्य ठप करेंगे। यह फैसला बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा की सोमवार को केदार भवन में हुई बैठक में लिया गया।
पटना, जागरण संवाददाता। Municipality Workers Strike in Bihar: बिहार में राज्यभर के 30 हजार नगर निकाय कर्मचारी सात सितंबर से बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। इस दौरान वे सफाई कार्य ठप करेंगे। यह फैसला बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा (Bihar Local Bodies Workers united struggle front) की सोमवार को केदार भवन में हुई बैठक में लिया गया। वेतन में एकरूपता न होने व ग्रुप डी के पद समाप्त किए जैसे मुद्दों को लेकर कर्मचारी आक्रोशित हैं। सरकार कर्मचारियों की इस हड़ताल को रोकने के लिए कोशिशों में जुट गई है। कर्मचारी संघ के नेताओं से बात कर समस्या का समधान निकालने की कोशिश की जा रही है। इधर, कर्मचारियों का कहना है कि मांगें पूरी नहीं होने पर उनकी हड़ताल तय है।
चार सितंबर को राज्य भर में करेंगे प्रदर्शन
31 अगस्त को पटना नगर निगम मुख्यालय के समक्ष कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। चार सितंबर को राज्यभर में कार्यालयों के समक्ष झाड़ू, बेलचा और हाथ ठेला लेकर प्रदर्शन करेंगे तथा छह सितंबर को सड़कों पर आंदोलन करेंगे। कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह और संयोजक मंगल पासवान ने कहा कि कर्मचारी सात सितंबर से सफाई कार्य ठप कर देंगे। विभाग कर्मचारियों की मांगों के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहा है। ग्रुप डी के पदों को समाप्त कर दिया गया है। सरकार आउटसोर्स की व्यवस्था को बनाए रखना चाहती है।
एजेंसी बदले जाने पर काम की गारंटी मांग रहे कर्मचारी
कर्मचारियों को एजेंसी बदलने के बाद भी काम की गारंटी दी जाए। उन्होंने ग्रुप सी के वेतनमान में एकरूपता नहीं रहने पर भी रोष प्रकट किया। मुख्य मांगों में नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन (18 से 21 हजार) व आउटसोर्सिंग की व्यवस्था को तत्काल समाप्त करना शामिल है। एक अन्य गुट पटना नगर निगम चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ ने भी 13 सितंबर से पटना नगर निगम क्षेत्र में हड़ताल पर जाने की घोषणा की है।