राहुल गांधी के बयान से बिहार के भाजपाई गर्म, सोनिया पर जड़ा आरोप; लालू यादव और शिवानंद से भी पूछे सवाल
Bihar Politics सलमान खुर्शीद के मसले पर बिहार भाजपा के नेता लगातार ही हमलावर हैं। इस बीच राहुल गांधी ने भी मौका दे दिया। सुशील मोदी ने कहा कि सोनिया गांधी के इशारे पर चिदंबरम शशि थरूर और मणि शंकर अय्यर से लेकर सलमान खुर्शीद तक अनर्गल बयान देते हैं।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Politics: सलमान खुर्शीद के मसले पर बिहार भाजपा के नेता लगातार ही हमलावर हैं। इस बीच राहुल गांधी ने भी मौका दे दिया। सलमान खुर्शीद ने अपनी किताब में हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठनों से की तो बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने उनके साथ ही कांग्रेस नेतृत्व को भी आड़े हाथों लिया। सुशील मोदी ने कहा कि सोनिया गांधी के इशारे पर चिदंबरम, शशि थरूर और मणि शंकर अय्यर से लेकर सलमान खुर्शीद तक हिंदुत्व के विरुद्ध अनर्गल बयान देते रहे हैं। अब पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का यह बयान आपत्तिजनक तथा सौहार्द बिगाड़ने वाला है कि अल्पसंख्यकों को मारना ही हिंदुत्व है।
संन्यास भंगकर राजनीति में लौटे शिवानंद भी कुछ बोलें
राहुल के इस बयान पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और दूसरे सहयोगी दल बताएं कि क्या वे हिंदुत्व पर कांग्रेस की राय से सहमत हैं? उन्होंने राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी पर भी कटाक्ष किया है। कहा है कि संन्यास भंग कर राजनीति में लौटे शिवानंद तिवारी को एक अभिनेत्री की राय पर टिप्पणी करने से फुर्सत मिले, तो उन्हें पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की ताजा किताब और राहुल गांधी के शर्मनाक बयान पर अपने दल की राय रखनी चाहिए। राजद के एक राजकुमार कभी कृष्ण तो कभी भगवान शिव का वेश बनाकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं, लेकिन उनकी पार्टी हिंदुत्व के अपमान पर चुप्पी साध कर वोट बैंक की राजनीति करती है।
सलमान खुर्शीद आइएसआइ के एजेंट की तरह बर्ताव कर रहे : जायसवाल
पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद द्वारा हिंदू समाज पर की गई टिप्पणियों पर भड़कते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि खुर्शीद आइएसआइ के अंडरकवर एजेंट बनते जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के मन में देश के बहुसंख्यक समाज के प्रति कितना जहर भरा है, सलमान खुर्शीद की किताब उसका जीवंत उदाहरण है। जायसवाल ने कहा कि यदि सलमान खुर्शीद की बातों में रत्ती भर भी सच्चाई होती और यदि हिंदुत्व वाकई में आइएसआइएस और बोकोहरम जैसा होता तो खुर्शीद ऐसा लिखना तो दूर, ऐसा सोचने तक की हिम्मत नहीं कर पाते। भारत में रहकर हिंदुत्व के खिलाफ इतनी घटिया और अपमानजनक बात कहने में वह इसीलिए सक्षम हैं, क्योंकि हिंदुत्व सदैव सहिष्णु रहा है, वर्ना किसी भी इस्लामिक बहुसंख्यक देश में कोई भी व्यक्ति वहां के बहुसंख्यकों के धर्म के खिलाफ लिखने की कल्पना भी नहीं कर सकता है।