राजधानी के पॉश इलाके में दिनदहाड़े 4.22 लाख की लूट, आरोपी फरार
पटना में पुलिस की सुस्ती को एक बार फिर बदमाशों ने आइना दिखाया। राजधानी के पॉश एरिया में बाइक सवार दो बदमाशों ने पेट्रोल पंप से 4.22 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
पटना। पटना में पुलिस को एक बार फिर बदमाशों ने आइना दिखाया। राजधानी के पॉश एरिया में बाइक सवार दो बदमाशों ने पेट्रोल पंप से 4.22 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना स्थल से कुछ दूर पर पुलिस की पिकेट भी थी, लेकिन उन्हें भनक भी नहीं लगी। लूट की सूचना केे बाद एसएसपी जितेंद्र राणा ने चार थानों की पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया है।
रामकृष्ण नगर थाने के पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और दिनदहाड़े तमंचे की नोक पर 4.22 लाख रुपये कैश हथिया लिए। पंप मैनेजर ने लूट का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की गई। अन्य कर्मचारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो गोली मारने की धमकी देते हुए आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पंप मैनेजर ने पुलिस को कॉल कर लूट की जानकारी दी तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में प्रमुख रास्तों को बंदकर चेकिंग शुरू करवाई गई, लेकिन लुटेरों के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। घटना के बाद पुलिस ने चार थानों के दर्जनों जवानों को आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगाया है। पुलिस ने दावा किया कि लुटेरों की पहचान हो गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।