हत्या के विरोध में जगह-जगह सड़क जाम-हंगामा, आक्रोशित लोगों ने बंद कराया महाराजगंज बाजार
महाराजगंज में गुरुवार को हुई दाे लोगों की हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने अलग-अलग जगहों पर सड़क जाम कर दिया है। वे अपराधियों की गिरफ्तारी और समुचित मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। बाजार को भी बंद करा दिया है।
By Vyas ChandraEdited By: Published: Fri, 06 Aug 2021 11:34 AM (IST)Updated: Fri, 06 Aug 2021 11:34 AM (IST)
महाराजगंज (सिवान), संंवाद सूत्र। महाराजगंज शहर में गुरुवार को बदमाशों ने चार लोगों को गोली मार दी थी। इसमें दो की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। मृतकों में शामिल जीबी नगर के मिश्रवलिया गांव के सुदामा यादव और दारौंदा थाना क्षेत्र के रुकुन्दीपुर निवासी अरमान के स्वजनों के साथ आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह अलग-अलग जगहों पर सड़क जाम कर दिया है। साथ ही महाराजगंज बाजार को भी बंद करा दिया है। वे मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग कर रहे हैं।
राजेंद्र चौक पर शव रख कर रहे प्रदर्शन
महराजगंज में ग्रामीणों ने सुदामा यादव के शव को राजेन्द्र चौक पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया है। सड़क जाम करने वालों की मांग है कि सुदामा यादव के स्वजन को 50 लाख रुपये मुआवजा, आशा कार्यकर्ता पत्नी को सरकारी नौकरी एवं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों ने शहर में घूमकर सभी दूकानों को बंद करा दिया। महराजगंज शहर की सभी दुकानें बंद थी। वहीं शहर में जगह जगह पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुई है।
(दारौंदा के रुकुन्दीपुर शनिचरा स्थान के समीप मांझी- बरौली मुख्य पथ को जाम करते ग्रामीण)
अरमान मंसूरी की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने मांझी- बरौनी पथ जाम किया
वहीं दारौंदा थाना क्षेत्र के रुकुन्दीपुर निवासी अरमान मंसूरी की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह नौ बजे से मांझी- बरौनी पथ जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। लोगों ने टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया है। अपराधियों की गिरफ्तारी तथा मुआवजे की मांग को लेकर मांझी -बरौली मुखपत्र को जाम की सूचना मिलने पर दारौंदा थाना प्रभारी अजीत कुमार सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास करने में जुटे थे। आक्रोशित ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों को बुलाने पर डटे हुए थे। स्थल पर दारौंदा सीओ भी पंहुच कर ग्रामीणों को समझाने में लगे हुए थे। जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई गाड़ियां जाम में फंसी हुई हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें