लालू का आरोप - अनंत सिंह तो है नीतीश का छोटे साहेब, बढ़े़गा ही अपराध
राजद सुप्रीमो लालू यादव ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि अनंत सिंह तो नीतीश कुमार का छोटे सरकार है और कितना शरीफ है सभी जानते हैं।
पटना/ रांची [जागरण टीम]। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि अनंत सिंह तो नीतीश का छोटे सरकार है। अनंत सिंह कितना शरीफ है सभी जानते हैं। बिहार में अपराध बढ़ा है और लगातार हत्याएं हो रही हैं।
लालू ने कहा कि बिहार में पल्टू राम की सरकार को ये सब दिखाई नहीं पड़ रहा है। उनके शासन में हर दिन हत्याएं हो रही है। बिहार में लॉ एंड आर्डर की स्थिति खराब है गई है।वहीं सीमा पर लागातार सीज फायर हो रहे हैं। लालू ने सेना के जवानों की शहादत पर मोदी सरकार पर भी साधा निशाना और कहा कि कहां गया 56 का सीना अब 36 इंच का हो गयाहै।
आज चारा घोटाले के दो मामलों में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद कोर्ट में पेश हुए। सीबीआइ के दो अलग-अलग विशेष कोर्ट में उनकी पेशी हुई। डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित चारा घोटाला कांड संख्या आरसी 47ए/96 में सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत में सीबीआइ की ओर से गवाही दर्ज की गई।
इस मामले में लालू के अलावा पूर्व सांसद डॉ. आरके राणा, लोक लेखा समिति के तत्कालीन अध्यक्ष जगदीश शर्मा सहित बेक जूलियस, फूलचंद सिंह, मो. सईद, त्रिपुरारी मोहन प्रसाद, दयानंद कश्यप सहित न्यायिक हिरासत में रहे अन्य आरोपी पेश हुए। आरोपियों को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से लाकर पेश किया गया।
यह मामला डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये अवैध निकासी से संबंधित है। सीबीआइ के वरीय विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह ने बताया कि मामले में सीबीआइ की ओर से न्यायालय में गवाही दर्ज की जाएगी। इसमें 462 लोगों की गवाही दर्ज की जा चुकी है।