Bihar Chunav Result 2020: वोटरों का आभार जताने छठ बाद धन्यवाद यात्रा निकालेंगे तेजस्वी
Bihar Election Result 2020 बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में सबसे बड़ा दल बनकर सामने आये राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी जनता का आभार जताने के लिए धन्यवाद यात्रा पर निकलेंगे। उनकी यह यात्रा छठ पूजा के बाद कभी भी शुरू हो सकती है।
पटना, जेएनएन। विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव प्रदेश में धन्यवाद यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे हैं। दीपावली और छठ बाद के चलते उन्होंने अभी तारीख तय नहीं की है, लेकिन राजद के सूत्रों का कहना है कि छठ के बाद नेता प्रतिपक्ष कभी भी धन्यवाद यात्रा पर निकल सकते हैं। तेजस्वी अपनी यात्रा सड़क मार्ग से ही पूरा करेंगे, जो कई चरणों में पूरा होगी।
21 नवंबर के बाद पहला चरण शुरू होने की उम्मीद
पहले चरण की यात्रा 21 नवंबर के बाद कभी भी शुरू हो सकती है। चूंकि इसके तुरंत बाद विधानसभा सत्र का भी आयोजन होना है। नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ लेने की प्रक्रिया पूरी करनी है। इसलिए पहले चरण की यात्रा बहुत कम दिनों की होगी। विधानसभा सत्र के बाद नेता प्रतिपक्ष दूसरे चरण की यात्रा की तैयारी करेंगे और प्रदेश के सभी जिलों में जाएंगे।
साजिश के तहत महागठबंधन को हराने का लगाया आरोप
राजद का मानना है कि चुनाव में महागठबंधन को साजिश के तहत हराया गया है। राज्य सरकार के इशारे पर रिटर्निंग अफसरों ने राजद, कांग्रेस और वामदलों के प्रत्याशियों के साथ बेईमानी की है। करीबी मुकाबले वाली सीटों पर जान'बूझकर हराया गया है। ऐसी सीटों की संख्या कम से कम 20 है। तेजस्वी यादव का मानना है कि अगर साजिश नहीं होती तो महागठबंधन कम से कम 130 सीटें जीतता। चुनाव में वास्तविक जीत महागठबंधन की हुई है। इसलिए जनता का आभार जताना जरूरी है।