मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भोला बताकर तेजस्वी ने की तारीफ या कसा तंज, आप भी जान लीजिए
Bihar Politics लालू के छोटे बेटे तेजस्वी जब से सरकार से अलग होकर विपक्ष में बैठे हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला करने का कोई मौका नहीं चूकते। इस बार उन्होंने मुख्यमंत्री के बारे में कुछ अजीब बात कही है।
पटना, बिहार ऑनलाइन डेस्क। Bihar Politics: राजद (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Ex Deputy chief minister Tejswi Yadav), बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) और उनकी पार्टी जदयू (JDU) पर लगातार हमलावर रहते हैं। शायद ही कोई ऐसा दिन जाता हो, जब तेजस्वी, नीतीश पर सीधा निशाना नहीं साधते हैं। नीतीश कुमार पर उनके हमले तब भी बंद नहीं हुए थे, जब बिहार विधानसभा चुनाव के ठीक बाद लालू और राबड़ी की ओर से जदयू को महागठबंधन में आने का अप्रत्यक्ष न्यौता दिया जा रहा था। लेकिन, अब तेजस्वी ने नीतीश को 'भोला मुख्यमंत्री' करार दिया है।
तारीफ नहीं की है, कसा है तंज
तेजस्वी ने शनिवार को ट्वीट कर नीतीश कुमार को 'भोला मुख्यमंत्री' कहा है। उनके ऐसा कहने का मकसद न तो मुख्यमंत्री की तारीफ करना है और न हीं उनसे संवेदना जताना। दरअसल उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्हें इस तुकबंदी से नवाजा है। राजद नेता का यह बयान मुख्यमंत्री के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने बिहार सरकार के मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी नहीं होने की बात कही थी।
जानिए कि तेजस्वी ने क्या कहा
तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा है कि नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल 18 मंत्रियों पर संगीन आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी खुद मुख्यमंत्री को नहीं होना, क्या उनके भोलेपन को दर्शाता है? क्या मुख्यमंत्री सचमुच में इतने भोले हैं? तेजस्वी ने मुख्यमंत्री को कुर्सीवादी बताते हुए कहा है कि इतने भोले-भाले मुख्यमंत्री को कुर्सी पर बने रहने का अधिकार नहीं है।
नीतीश ने क्या कहा था, यह भी जानिए
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाल में दिल्ली दौरे से लौटने के बाद पत्रकारों की ओर से बिहार कैबिनेट में शामिल आपराधिक पृष्ठभूमि की बाबत एक सवाल किया गया था। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा था कि अगर पत्रकारों के पास ऐसी कोई जानकारी है तो इसे सामने लाना चाहिए।