राजधानी में बरसते पानी के बीच पलायन शुरू, दूसरे शहर और इलाके का रुख कर रहे लोग Patna News
रविवार की सुबह से बादल बरस रहे हैं। इस दौरान शहर की स्थिति खराब होती जा रही है। पटना का कोई एेसा मोहल्ला नहीं है जो पानी से प्रभावित न हो।
पटना, जेएनएन। राजधानी में तीन दिनों से हो रही बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। रविवार की सुबह से बादल बरस रहे हैं। इस दौरान शहर की स्थिति खराब होती जा रही है। सबसे बुरा हाल तो राजेंद्र नगर इलाके का है। यहां छह फीट तक पानी भर आया है। वहीं राजीव नगर और पाटलिपुत्र इलाके में शनिवार की देर रात हुई बारिश से रविवार की सुबह चार से पांच फीट पानी भर गया है। एहतियातन लोगों ने मोहल्ले और अन्य शहरों का रुख करना शुरू कर दिया है। सड़कों पर भी लोगों का आना-जाना कम ही हो रहा है।
रात के साथ शहर में बढ़ता गया जलजमाव का स्तर
नगर निगम और जिला प्रशासन शनिवार की रात शहर से पानी तो निकाल नहीं पाया, लेकिन जलजमाव का स्तर (लेवल) बढ़ता चला गया। रात साढ़े आठ से 11 बजे तक बारिश धीमी होकर रुक गई थी। बावजूद इसके कई मोहल्लों में पानी और बढ़ गया। पाटलिपुत्र कॉलोनी, राजीव नगर और बोङ्क्षरग रोड के नागरिकों में चर्चा बनी रही कि गंगा में उफान के कारण नदी का पानी शहर में प्रवेश कर रहा है। हालांकि, प्रशासन ने इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी है।
बारिश को लेकर शहर के लोग काफी चिंतित हैं। उनकी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। कई मोहल्लों के लोगों को भय है कि 24 घंटे और बारिश हो गई तो उन्हें घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर पलायन करना पड़ सकता है। उन इलाकों के लोग केवल प्रशासनिक सहायता के भरोसे नहीं हैं। वे अपने स्तर से भी जल निकासी में लगे हैं। न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी के जेडी मिश्रा पथ पर रहने वाले लोग अपने पैसों से मजदूरों से नाले में जमा कचरा हटाने की कोशिश करते रहे।