मामूली बात पर हत्या करने के आरोपित रिटायर्ड दारोगा ने किया सरेंडर, भोजपुर पुलिस ने भेजा जेल
भोजपुर के तरारी थाना के कुसुम्ही गांव में छह दिनों पूर्व किसान सह कुट्टी व्यवसायी देवकांत राय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में आरोपित रिटायर दारोगा सुरेश राय उर्फ दिनेश राय ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
आरा/तरारी, जागरण टीम। भोजपुर के तरारी थाना के कुसुम्ही गांव में छह दिनों पूर्व किसान सह कुट्टी व्यवसायी देवकांत राय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में आरोपित सेवानिवृत्त रोगा सुरेश राय उर्फ दिनेश राय ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में अभी तक एक 315 बाेर का राइफल, पांच खोखा व 12 जिंदा कारतूस बरामद किया है।
सेवानिवृत्त दारोगा का एक पुत्र और पुत्री अब भी फरार
मृतक की पत्नी पूनम देवी के बयान पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें सेवानिवृत्त दारोगा सुरेश राय उर्फ दिनेश राय समेत छह को नामजद आरोपित बनाया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के दूसरे दिन ही सेवानिवृत्त दारोगा की पत्नी कृष्णा देवी, पुत्री बचानो कुमारी एवं निराशा देवी को जेल भेज दिया था। जबकि, मुख्य आरोपित सुरेश राय की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी चल रही थी। पुलिस दबिश के कारण सुरेश राय ने कोर्ट ने आत्मसमर्पण कर दिया। इस मामले में आरोपित के पुत्र पंकज कुमार एवं एक और बेटी ब्यूटी कुमारी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। दोनों फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
गाली गलौज के बाद रिटायर दारोगा ने कर दी थी हत्या
मालूम हो कि 18 नवंबर की सुबह कुसुम्ही गांव में गाली-गलौज के बाद उपजे विवाद ने खूनी रूप अख्तियार कर लिया। आरोप है कि इसी दौरान सेवानिवृत्त दारोगा ने राइफल से देवकांत राय के शरीर में पांच गोलियां उतार दी थी। मौके पर ही देवकांत राय की मौत हो गई थी। इस घटना से सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने वारदात के तत्काल बाद ही सेवानिवृत्त दारोगा की पत्नी व दो बेटियों को हिरासत में ले लिया था। अन्य घटनास्थल से फरार हो गए थे।