मनेर-मसौढ़ी-पालीगंज में कम मत मिलने पर भी जीते रामकृपाल
पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी मीसा भारती और भाजपा के रामकृपाल यादव के बीच कड़ी टक्कर हुई।
पटना। पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी मीसा भारती और भाजपा के रामकृपाल यादव के बीच कांटे की टक्कर हुई। कई राउंड के उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार रामकृपाल यादव विजयी हुए। छह विधानसभा क्षेत्र में से मनेर, मसौढ़ी और पालीगंज में कम मत मिलने के बाद भी मीसा को परास्त करने में सफल रहे। रामकृपाल यादव को 5,08,586 मत तथा मीसा भारती को 4,69,151 मत मिले।
रामकृपाल यादव को दानापुर, फुलवारी और बिक्रम में बढ़त मिलने के कारण जीत मिली। जबकि बिक्रम विधानसभा क्षेत्र पर कांग्रेस का कब्जा है। इसके बाद भी यहां से भाजपा 14 हजार मतों से बढ़त पाने में सफल रही।
दानापुर विधानसभा क्षेत्र भाजपा के कब्जे में है। यहां से रामकृपाल यादव को सबसे अधिक लीड मिला। राजद प्रत्याशी से 30 हजार अधिक मत लेकर उन्होंने बढ़त बनाई। मसौढ़ी, पालीगंज, बिक्रम और मनेर विधानसभा क्षेत्र पर मीसा भारती को ज्यादा भरोसा था। जबकि पालीगंज सिर्फ तीन हजार, मनेर आठ हजार और मसौढ़ी 10 हजार वोट से राजद को लीड दिला सका। रामकृपाल यादव को राजद और कांग्रेस के कब्जे वाले तीनों विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में वोट मिले।
भाजपा के कब्जे में दानापुर तथा जदयू के कब्जे में फुलवारीशरीफ विधानसभा क्षेत्र है। दानापुर में 30 हजार तो फुलवारीशरीफ में 15 हजार भाजपा को बढ़त मिली। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि दानापुर, फुलवारीशरीफ और बिक्रम ने रामकृपाल यादव को विजयी बनाने में अहम भूमिका निभाई। पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र
विधानसभा - मीसा भारती - रामकृपाल
दानापुर : 68,850 - 97,514
मनेर : 89,554 - 81,625
फुलवारीशरीफ : 84,214 - 99,260
मसौढ़ी : 87,636 - 77,996
पालीगंज : 66,586 - 63,516
बिक्रम : 72,033 - 86,646
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप