राबड़ी देवी का बड़ा बयान- मांझी को NDA में बेइज्जत किया जा रहा था
जीतनराम मांझी के महागठबंधन में शामिल होने की घोषणा के बाद राबड़ी देवी ने कहा कि उन्हें एनडीए में बेइज्जत किया जा रहा था। उपेंद्र कुशवाहा भी हमारे साथ आयेंगे।
पटना [जेएनएन]। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतनराम मांझी द्वारा एनडीए छोड़ महागठबंधन में शामिल होने की घोषणा पर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि हम उनके इस कदम का स्वागत करते हैं। मांझी को एनडीए में बेइज्जत किया जा रहा था। उनकी किसी बात को नहीं माना जाता था। वे वहां घुटन महसूस कर रहे थे। अब वे हमारे साथ आ गए हैं। यहां उन्हें सम्मान मिलेगा। मांझी जी हमारी विचारधारा एक समान है।
राबड़ी ने आगे कहा कि अभी तो जीतनराम मांझी हमारे साथ आये हैं। आने वाले दिनों में रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी हमारे साथ आयेंगे। वे भी वहां घुटन महसूस कर रहे हैं। हम पार्टी को राज्यसभा सीट देने पर राबड़ी ने कहा कि इसका फैसला मिल बैठकर किया जायेगा।
बता दें कि बिहार की राजनीति में बुधवार को बड़ा उलटफेर हुआ। राजग से नाराज चल रहे जीतनराम मांझी से राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पुत्र व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एवं तेजप्रताप यादव ने मुलाकात की। इसके मांझी ने महागठबंधन में शामिल होने का एलान कर दिया। मांझी ने बताया कि इसकी औपचारिक घोषणा रात आठ बजे की जायेगी।