जेल जाने के बाद आज पहली बार हुई लालू-राबड़ी की मुलाकात, बेटी मीसा भी पहुंची साथ
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पहली बार बीमार पति राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने रांची पहुंचीं। राबड़ी अपनी आंखों का अॉपरेशन कराकर दिल्ली से रांची लौटी हैं।
पटना, जेएनएन। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री अपने पति और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से पहली बार मिलने रांची के रिम्स अस्पताल पहुंचीं। उनके साथ उनकी बड़ी बेटी मीसा भारती भी पिता से मिलने रिम्स पहुंचीं। लालू कई बार जेल जा चुके हैं और इस बार भी चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे हैं, लेकिन राबड़ी पहली बार सजायाफ्ता पति से मिलने पहुंची हैं।
बता दें कि लालू यादव चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं और तबीयत खराब होने की वजह से रांची के रिम्स अस्पताल में इलाजरत हैं। लालू से मिलने उनके सगे-संबंधी, बेटे-बेटियां, पार्टी के नेता-कार्यकर्ता समय-समय पर रिम्स जाते रहे हैं, लेकिन पहली बार उनकी पत्नी राबड़ी देवी उनसे मिलने रिम्स पहुंची हैं।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह राबड़ी देवी ने पति लालू यादव से रिम्स में मुलाकात की। राबड़ी ने दिल्ली में आंख का अॉपरेशन कराया है और दिल्ली से वो रांची पति लालू यादव से मिलने पहुंची हैं। कहा जा रहा है कि राबड़ी देवी को लेकर लालू बहुत चिंतित थे। उनकी आंखों के अॉपरेशन के बाद पत्नी से लालू ने मिलने की इच्छा जतायी थी। एेसे में राबड़ी ने लालू यादव से मुलाकात की।
बता दें कि लालू जब भी जेल गए, राबड़ी कभी उनसे मिलने जेल में नहीं पहुंची थीं, लेकिन पहली बार राबड़ी इसबार बीमार पति को देखने और खुद को स्वस्थ और ठीक दिखाने के लिए सजायाफ्ता लालू से मिलने पहुंची।
इससे पहले शनिवार को लालू-राबडी की बेटी धन्नो और उनके ससुर कैप्टन अजय यादव रिम्स पहुंचे थे। पिता लालू की हालत देखकर धन्नो की आंखों में आंसू छलक आए थे और उन्होंने कहा था कि मेरे पापा की तबियत ठीक नहीं। लेकिन, वो जल्दी ठीक हो जाएंगे।
लालू का परिवार और उनकी पार्टी राजद अभी कठिन दौर से गुजर रहे हैं। एक ओर उनकी बहू और बड़े बेटे तेजप्रताप के तलाक के मुकदमे और उसके बाद एेश्वर्या के लगाए गए आरोप के बाद परिवार की काफी बदनामी हुई है तो वहीं पार्टी में दो नेताओं रघुवंश-जगदानंद के बीच खटपट की वजह से पार्टी में भी परेशानी चल रही है।