मुजफ्फरपुर शेल्टर हाेम की पीडि़ता से दुष्कर्म मामला ने तूल पकड़ा, राबड़ी-तेजस्वी का नीतीश पर हमला
बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड की एक पीड़ित लड़की को अगवा कर चार युवकों ने चलती गाड़ी में सामूहिक दुष्कर्म किया। इसे लेकर राबड़ी देवी व तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा है।
पटना, जेएनएन। बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड (Muzaffarpur Shelter Home Case) की एक पीड़ित लड़की को अगवा कर चार युवकों ने चलती गाड़ी में सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का इलाज बेतिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। मीडिया में यह बात आते ही सरकार को विरोधियों ने कठघरे में खड़ा किया है। इसे लेकर सियासत तेज हो गई है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर को घेरा है। खास बात कि दैनिक जागरण में छपी खबर को ही तेजस्वी ने अपने ट्वीट में टैग किया है।
राबड़ी देवी ने किया ट्वीट
बिहार की राक्षसी सरकार द्वारा संरक्षित और संवर्धित अपराधी हैवानियत की सभी हदें पार कर रहे है। विश्व चर्चित मुजफ्फरपुर बालिका गृह बलात्कार कांड की एक पीड़िता के साथ बिहार में फिर सामूहिक दुष्कर्म हुआ है।
बिहार में माँ-बहन, बेटी की कोई इज़्ज़त और सुरक्षा नहीं है। सरकार विफल है।— Rabri Devi (@RabriDeviRJD) September 15, 2019
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने रविवार को ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा और इसे राक्षसी सरकार करार दिया है। उन्हाेंने अपने ट्वीट में लिखा- 'बिहार की राक्षसी सरकार द्वारा संरक्षित और संवर्धित अपराधी हैवानियत की सभी हदें पार कर रहे हैं। विश्व चर्चित मुजफ्फरपुर बालिका गृह बलात्कार कांड की एक पीड़िता के साथ बिहार में फिर सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। बिहार में मां-बहन, बेटी की कोई इज्जत और सुरक्षा नहीं है। सरकार विफल है।'
तेजस्वी ने भी किया ट्वीट
सुशासनी अहंकार का चीरहरण कर मुजफ्फरपुर बालिका गृह जनबलात्कार कांड में पीड़ित युवती का चलती गाड़ी में गुंडो ने फिर किया गैंगरेप।
इतना विभीत्स कांड होने के बाद भी सरकार सोती रही और फिर पीड़िता का रेप हो गया। बिहार में अपराधी, बलात्कारी, भ्रष्टाचारी तांडव कर रहे है। CM जवाब दें। pic.twitter.com/Wa3s7gNTW2 — Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) September 15, 2019
वहीं, इसी शर्मनाक घटना पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी ट्वीट कर नीतीश सरकार पर करारा हमला किया है और सीएम से जवाब मांगा है। उन्होंने ट्वीट किया है- 'सुशासनी अहंकार का चीरहरण कर मुजफ्फरपुर बालिका गृह जनबलात्कार कांड में पीड़ित युवती का चलती गाड़ी में गुंडो ने फिर किया गैंगरेप। इतना वीभत्स कांड होने के बाद भी सरकार सोती रही और फिर पीड़िता का रेप हो गया। बिहार में अपराधी, बलात्कारी, भ्रष्टाचारी तांडव कर रहे हैं। सीएम जवाब दें।' खास बात कि तेजस्वी ने अपने ट्वीट में दैनिक जागरण में छपी खबर को टैग किया है।
इसे भी पढ़ें - मुजफ्फरपुर शेल्टर होम की पीड़िता को अगवा कर चलती गाड़ी में सामूहिक दुष्कर्म, दो की पहचान