आया रिजल्ट तो आई 'प्रोडिकल गर्ल' की याद, कॉपी में लिखे थे 101 रोमांटिक गाने
बिहार बोर्ड ने इस साल इंटर का रिजल्ट जारी किया तो बीते साल की फर्जी टॉपर रही 'प्रोडिकल गर्ल' रूबी राय की याद आ गई। उसने कॉपी में 101 रोमांटिक गाने व 'तुलसीदास प्रणाम' लिखे थे।
पटना [अमित आलोक]। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) ने मंगलवार को इंटर के सभी संकायों के रिजल्ट जारी कर दिए हैं। यह वही बोर्ड है, जिसने पिछले साल रूबी राय को आर्ट्स टॉपर बना दिया था। ये वही रूबी राय है, जिसने मीडिया इंटरव्यू में 'पॉलिटिकल साइंस' को 'प्रोडिकल साइंस' बताया था।बाद में पता चला था कि उसने उत्तर पुस्तिकाओं में कविताएं व रोमांटिक गाने लिखे थे। वे उत्तरपुस्तिकाएं बदल दी गईं थीं।
हाजीपुर में बिष्णुदेव राय कॉलेज की छात्रा रूबी राय बीते साल जून में अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आ गई थी। बिहार बोर्ड की इंटर आर्ट्स परीक्षा में टॉप करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उसकी मेधा की पोल खुल गई थी। मीडिया से बातचीत में उसने राजनीति विज्ञान को ‘प्रोडिकल साइंस’ बताया था। आगे उसने यह भी कहा था कि इस विषय के तहत 'खाना बनाने' की पढ़ाई होती है। रूबी के अलावा साइंस टॉपर भी मीडिया से बातचीत में विषय की मूलभूत जानकारी तक नहीं दे सका।
इसके बाद जब मामले ने तूल पकड़ा तो सरकार ने जांच के आदेश दिए। पुलिस अनुसंधान में घोटाले की परतें उतरती चली गईं। रूबी सहित सभी फर्जी टॉपरों के रिजल्ट रद कर दिण् गए। जांच की जद में बोर्ड के अध्यक्ष व सचिव सहित कई सफोदपोश लोग आते गए।
यह भी पढ़ें: BSEB Intermediate Result 2017: खुशबू कुमारी बनीं साइंस टॉपर
बीते साल रूबी राय के बहाने उजागर बिहार बोर्ड के घोटाला की जांच के दौरान पता चला कि रूबी की उत्तरपुस्तिकाओं पर लिखाई उसके हाथ की नहीं थी, बल्कि विशेषज्ञों की थी। दरअसल, ये कॉपियां बाद में बदल दी गईं थीं। रूबी ने अपनी मूल कॉपियों में 300 बार 'तुलसीदास प्रणाम' और 101 रोमांटिक फिल्मों के नाम लिखे थे। इसके अलावा कुछ कविताएं लिखी थीं।
यह भी पढ़ें: BSEB Intermediate Result 2017: biharboard.ac.in पर जारी हुआ रिजल्ट