पटना की बेउर जेल के बाथरूम में फंदे से लटकता मिला कैदी, पीएमसीएच में तोड़ा दम
पटना की बेउर जेल में फांसी के फंदे से कैदी झूल गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया जहां उसने दम तोड़ दिया।
पटना, जेएनएन। पटना की बेउर जेल में शुक्रवार को कैदी फांसी के फंदे से झूल गया। अन्य कैदियों के शोर करने पर पुलिस ने उसे गंभीर अवस्था में पीएमसीएच में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गौरी यादव के रूप में हुई है। गौरी पटना के बाढ़ का रहने वाला था। बताया जाता है कि गौरी बेउर जेल के बाथरूम फंदे से झूला। जब दूसरे कैदी बाथरूम गए तो घटना की जानकारी हुई। कैदियों के शोर करने पर पुलिस पहुंची और गौरी को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। काराधीक्षक ने बताया कि गौरी यादव ने फांसी लगाकर जान दे दी। घरेलू कारणों से वह पिछले एक सप्ताह से तनाव में था।
घर में आर्थिक किल्लत से था परेशान
मिली जानकारी के अनुसार आदर्श केंद्रीय कारा बेउर में 14 माह से विचाराधीन कैदी 35 वर्षीय गौरी यादव ने शौचालय में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कारा अधिकारी उसे पीएमसीएच ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वह बाढ़ के दल्लीचक का रहने वाला था। हत्या के एक मामले में पिछले साल 19 जून से ही बेउर जेल के गंगा खंड के 5-8 वार्ड में बंद था। कारा सूत्रों की मानें तो गौरी यादव जमानत नहीं मिलने और घर में आर्थिक किल्लत से वह परेशान था। शुक्रवार सुबह से ही वह चुपचुप था।
बाथरूम से नहीं निकला तो कैदियों ने दी सूचना
नहाकर खाना खाने के बाद दोपहर में वह शौचालय के लिए अपने वार्ड से निकला था। वहां गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। काफी देर तक नहीं निकला तो कैदियों ने इसकी सूचना कारा प्रशासन को दी। शौचालय का दरवाजा तोड़ा गया तो वह छत से लटकता मिला। तत्काल उसे नीचे उतारा गया। विदित हो कि दो दिन पहले भी एक कैदी ने बिजली के तार को मुंह में लेकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था, लेकिन उसे बचा लिया गया था।