प्रशांत किशोर ने अरविंद केजरीवाल को दिया नारा-अच्छे बीते 5 साल, लगे रहो केजरीवाल
चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल के लिए प्रचार अभियान की कमान संभाल रहे हैं। उन्होंने नारा दिया है-अच्छे बीते 5 साल लगे रहो केजरीवाल ।
पटना, जेएनएन। चुनावी रणनीतिकार औऱ जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने दिल्ली में होनेवाले विधानसभा चुनाव के लिए वहां के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए नया नारा बनाया है। इसके साथ ही केजरीवाल ने इस नारे के साथ कैंपेन की शुरुआत की। प्रशांत किशोर ने जो केजरीवाल को नारा दिया है वो है-'अच्छे बीते 5 साल, लगे रहो केजरीवाल।'
बता दें कि अगले कुछ ही महीनों में दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव होने जा रहे हैं और इसे लेकर सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। चुनाव के लिए अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की है।
बता दें कि प्रशांत किशोर की कंपनी आइ-पैक पहली बार आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार का काम देख रही है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि उसकी अपनी चुनावी तैयारियां और प्रचार चलते रहेंगे और प्रशांत किशोर की कंपनी अपने तरीके से ब्रांड केजरीवाल को आगे रखते हुए आम आदमी पार्टी प्रचार कैंपेन चलाएगी।
प्रशांत किशोर अब तक सफल चुनावी रणनीतिकार के तौर पर जाने जाते रहे हैं। उन्होंने 2014 के आम चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रचार अभियान संभाला था। इस चुनाव में भाजपा को जीत मिली और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने।
इसके बाद 2015 में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर ने भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ रहे नीतीश कुमार के लिए चुनाव प्रचार का काम किया। तब जदयू, राजद और कांग्रेस के गठबंधन को भारी जीत मिली थी। फिर प्रशांत किशोर ने 2017 में पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के लिए काम किया। कांग्रेस को जीत मिली और कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री बने।
उसके बाद प्रशांत किशोर ने 2019 में आंध्र प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान जगन मोहन रेड्डी का चुनाव अभियान संभाला था। जगन को चुनाव में एकतरफा जीत मिली थी। प्रशांत फिलहाल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए भी काम कर रहे हैं।