गंगाजल के बाद अब कैलाश-मानसरोवर का जल भी देंगे डाकघर, जानिए
गंगाजल के बाद अब देश के डाकघरों में कैलाश-मानसरोवर का जल भी मिलेगा। इसकी घोषणा शनिवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने की। इससे श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत हो जाएगी।
नालंदा [जेएनएन]। डाक विभाग के माध्यम से देश के कोने-कोने में गंगाजल पहले से ही मिल रहा है। अब डाक विभाग जम-जम और कैलाश मान सरोवर का भी जल पहुंचाएगा। इसकी घोषणा केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने राजगीर में अखिल भारतीय डाक अधीक्षक एवं सहायक डाक अधीक्षक के दो दिवसीय 40वें द्विवार्षिक सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कश्मीर में बार-बार आतंकी हमलों की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान बेशर्मी पर आमादा है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के आने बाद देश तेजी गति से विकास कर रहा है। डाकघरों में पहले सिर्फ चिठ्ठी पहुंचाने की व्यवस्था थी। आज इसमें काफी बदलाव हुआ है। पहले स्टांप की बिक्री ज्यादा नहीं होती थी, आज हो रही है।
उन्होंने कहा कि देश की आबादी 134 करोड़ हो गई है। कोशिश करूंगा कि डाक विभाग को भी ई-कॉमर्स का सेंटर बना दिया जाए। विभाग को फसल बीमा का भी काम दिया जाए। देश के विकास में डाक विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।