बिहार में कृषि कानून को लेकर सियासत : किसानों के समर्थन में उपवास पर बैठे पप्पू यादव, तेजस्वी का आंदोलन कल
बिहार में केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ सियासत तेज है। जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव किसानों के समर्थन में एक दिन के उपवास पर बैठ गए हैं। उधर तेजस्वी यादव कृषि कानूनों के खिलाफ 30 जनवरी को मानव श्रृंखला बनाने जा रहे हैं।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार में केंद्र के कृषि कानूनों (News Farm Laws) के खिलाफ विपक्ष की सियासत खूब हो रही है। देश भर के किसान एक ओर तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ जहां दिल्ली में आंदोलनरत हैं, वहीं पटना में जन अधिकार पार्टी (JAP) किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद कर रही है। किसानों के समर्थन में जाप अध्यक्ष व पूर्व सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) उपवास पर बैठ गए हैं। आगे तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनता दल मानव कड़ी बनाने जा रहा है।
किसान आंदोलन के समर्थन में अभियान चला रहे पप्पू
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्थित महात्मा गांधी की विशालकाय प्रतिमा के समक्ष पप्पू यादव शुक्रवार की सुबह छह बजे से एक दिन के उपवास पर बैठे हैं। पप्पू के साथ उनकी पार्टी के कुछ नेता भी उपवास पर हैं। इस दौरान पप्पू यादव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने बगैर किसी से मशविरा किये तीन कृषि कानून किसानों और देश पर थोप दिए हैं। इन कानूनों की आड़ में किसानों की जमीन हड़पने और उनके खेतों पर बहुराष्ट्रीय कंपनियों के कब्जे की साजिश रची जा रही है। उनकी पार्टी किसानों पर होने वाले हर जुल्म और अत्याचार के खिलाफ खड़ी है। बिहार में किसान आंदोलन के समर्थन में जाप लगातार अभियान चला रही है।
बोले: जरूरत पड़ी तो दिल्ली भी करेंगे कूच
पप्पू यादव ने कहा कि वे एक दिन के उपवास पर बैठे हैं। किसानों के समर्थन में वे और उनकी पार्टी का हर सिपाही कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। जरूरत पड़ी तो दिल्ली भी कूच करेंगे। पप्पू यादव ने कहा देश और प्रदेश की गूंगी-बहरी सरकार को किसानों की तकलीफ व उनका दर्द दिखाई नहीं पड़ रहा है। आए दिन कर्ज के बोझ तले दबे किसान देश मे आत्महत्या कर रहे हैं इसके बाद भी सरकार किसानों का हमदर्द बनने की बजाय चंद पूंजीपतियों के समर्थन में काले कानून लागू करने में जुटी है। पप्पू ने कहा जाप का किसानों के समर्थन में काले कानून वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा।