पुलिस की मनमानीः बयान न दर्ज करने पर दुष्कर्म पीड़िता ने किया आत्महत्या का प्रयास
पटना में लापरवाह पुलिस कमिर्यों के तबादले के बीच जवानों की मनमानी की खबरें भी लगाता र आ रही हैं। गर्दनीबाग इलाके में दुष्कर्म पीड़िता का बयान नहीं दर्ज करने का मामला प्रकाश में आया है।
पटना, जेएनएन। गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में विवाहिता को नशीली सूई देकर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना 14 नवंबर की है। उसी रोज पीडि़ता महिला थाने में शिकायत दर्ज कराने गई थी, लेकिन थाना प्रभारी की गैर मौजूदगी में एक जवान अनाप-शनाप सवाल पूछने लगा। इसके कारण वह घर लौट गई और खुद को कमरे में बंद कर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि पति ने उसे बचा लिया।
पीड़ित रविवार को फिर महिला थाने में गई और गेट से पति का हाथ छुड़ाकर खुदकशी करने के इरादे से रोते-बिलखते सड़क पर दौडऩे लगी। वह तो अच्छा हुआ कि गर्दनीबाग थानाध्यक्ष मनोरंजन भारती की नजर उसपर पड़ गई। थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी सचिवालय डीएसपी आरके प्रभाकर को दी। डीएसपी ने बताया कि महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिए गए हैं।
लंबे समय से तंग कर रहा था आरोपित
पीडि़ता के पति ने बताया कि वह हाजीपुर का रहने वाला है और मैकेनिक का काम करता है। यहां वह पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ रहता है। इससे पहले वह परसा बाजार इलाके में रहता था, जहां पड़ोस के श्रीकांत से उसकी अच्छी जान-पहचान थी। श्रीकांत अक्सर उसकी पत्नी को परेशान करता था। आजिज होकर पत्नी ने जब उसके बारे में बताया तो उन्होंने मकान बदल डाला और गर्दनीबाग इलाके में रहने लगे।
मारपीट करने के बाद लगाई सूई
14 नवंबर को पति के बाहर जाने के बाद पीडि़ता बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी। तभी श्रीकांत पहुंचा और डोरबेल बजाई। दरवाजा खोलते ही वह धक्का देकर अंदर घुस गया और मारने-पीटने लगा। इसके बाद उसे जमीन पर पटक दिया और कमर में नशे की दो सूई लगा दी। इससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद श्रीकांत ने उसके साथ गलत काम किया। करीब एक घंटे बाद महिला का पति पहुंचा तो श्रीकांत फरार हो गया। उसने पत्नी को होश में लाया। इसके बाद दोनों महिला थाने गए। नशीली सूई के कारण दो-तीन दिन तक वह बेहोशी की हालत में ही थी।