Move to Jagran APP

बाहुबली MLA अनंत सिंह ने किया साकेत कोर्ट में सरेंडर, दिल्‍ली पुलिस की सुरक्षा में लाए जाएंगे बिहार

एके 47 बरामदगी मामले में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पुलिस तलाशती रह गई। उधर अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है।

By Kajal KumariEdited By: Published: Fri, 23 Aug 2019 12:41 PM (IST)Updated: Sat, 24 Aug 2019 09:46 AM (IST)
बाहुबली MLA अनंत सिंह ने किया साकेत कोर्ट में सरेंडर, दिल्‍ली पुलिस की सुरक्षा में लाए जाएंगे बिहार
बाहुबली MLA अनंत सिंह ने किया साकेत कोर्ट में सरेंडर, दिल्‍ली पुलिस की सुरक्षा में लाए जाएंगे बिहार

पटना, जेएनएन। बिहार पुलिस मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए सरगर्मी से तलाशती रह गई और उधर वे दिल्ली के साकेत कोर्ट पहुंचे और वहीं आत्मसमर्पण कर दिया। बिहार के कोर्ट में अनंत सिंह के सरेंडर की अफवाह गुरुवार को ही सामने आयी थी, जिसके बाद अनंत सिंह ने बिहार के किसी कोर्ट को छोड़कर दिल्ली के साकेत कोर्ट को चुना और शुक्रवार की दोपहर बाद अचानक कोर्ट पहुंचे और सरेंडर कर दिया।

loksabha election banner

इसके बाद प्रक्रिया के तहत उन्हें न्यायिक हिरासत में लिया गया। अनंत सिंह को एक रात के लिए तिहाड़ जेल में रखा गया है। शनिवार की सुबह फिर से उनहें साकेत कोर्ट में पेश किया जाएगा, इसके बाद बिहार लाने की प्रक्रिया होगी। उन्‍हें हवाई जहाज से बिहार लाया जाएगा।  

दिल्‍ली के सफदरगंज अस्‍पताल में हुआ मेडिकल
उधर साकेत कोर्ट ने निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को मेडिकल के लिए सफदरगंज अस्‍पताल भेजा। फिर वहां से सीएमएम के आदेश के बाद कोर्ट ने दिल्‍ली पुलिस को अनंत सिंह को बिहार कोर्ट में सकुशल लेकर जाने का आदेश दिया है। इसके तहत बुधवार को दिल्‍ली पुलिस अपनी सुरक्षा में बाढ़ कोर्ट में अनंत सिंह को पेश करेगी। वहीं, बिहार पुलिस भी दिल्‍ली के लिए दोपहर में रवाना हो गई और रात लगभग नौ बजे वह दिल्‍ली पहुंच गई। 

अनंत सिंह से दिल्ली पुलिस ने की पूछताछ 
इसके पहले दिल्ली पुलिस ने अनंत सिंह से पूछताछ की। वहीं साकेत कोर्ट ने आधे घंटे के भीतर अनंत सिंह की जानकारी देने को कहा। इसे लेकर साकेत कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को फटकार लगायी तथा अनंत सिंह की सूचना नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। उसके बाद अनंत को कोर्ट ने पुलिस की कस्टडी में भेजा और बिहार पुलिस से मामले में पूरी जानकारी मांगी।

दूसरी ओर, बिहार सरकार के वकील साकेत कोर्ट पहुंचे और उन्होंने दिल्ली पुलिस को कस्टडी मिलने का विरोध किया। बता दें कि साकेत कोर्ट में अनंत सिंह ने दिल्‍ली स्थित ग्रेटर कैलाश-2 का पता दिया है।  

हवाई जहाज से पटना लाए जाएंगे अनंत सिंह 
अनंत सिंह को न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली से हवाई जहाज से पटना लाया जाएगा। विधायक को लाने के लिए बिहार से पुलिस की टीम भेजी गयी है। टीम में डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, एएसआई सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल  हैं।

कानूनी सलाहकारों ने सरेंडर करने की दी थी सलाह
बता दें कि विधायक अनंत सिंह के कानूनी सलाहकारों ने भी उन्हें जल्द सरेंडर करने की सलाह दी थी, जिसके बाद उन्होंने सरेंडर किया है। विधायक के सरेंडर करने को लेकर यहां बिहार पुलिस अलर्ट रही, गिरफ्तारी के लिए बाढ़ से लेकर पटना कोर्ट के बाहर तक पुलिस नजर रख रही थी, लेकिन वे दिल्ली के साकेत कोर्ट सरेंडर करने पहुंच गए। 

तीन वीडियो किया था जारी, न्यायालय पर जताया था भरोसा 
गौरतलब है कि अनंत सिंह 17 अगस्त से ही फरार चल रहे थे। विधायक के पैतृक गांव नदवां में AK-47 और 2 हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद UAPA एक्ट के तहत बाढ़ थाने में FIR दर्ज की गई थी। इस मामले में पुलिस लगातार उन्हें तलाश रही थी, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। अनंत सिंह ने फरारी के दौरान ही तीन वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए कहा था कि वो सरेंडर करेंगे। कहा था कि उन्हें बिहार पुलिस पर भरोसा नहीं है। वीडियो में अनंत सिंह ने पुलिस पर आरोप लगाया था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाने का काम कर रही है। उन्होंने पुलिस के अलावा कुछ राजनेताओं पर भी साजिश कर फंसाने का आरोप लगाया था। 

क्या है पूरा मामला  
बाहुबली विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां स्थित घर से छापेमारी में एके-47 के साथ 2 हैंड ग्रेनेड को भी बरामद किया गया था। अवैध हथियार की बरामदगी के बाद विधायक और केयर टेकर के खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद पुलिस देर रात विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने बड़ी संख्या में उनके पटना स्थित सरकारी आवास पहुंची थी। हालांकि, तब तक विधायक पटना स्थित 1 माल रोड स्थित सरकारी आवास छोड़ फरार हो चुके थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.