पकड़े गए चार करोड़पति डकैत, डॉलर और जेवर देखकर फटी रह गईं पुलिस की आंखें
वैशाली पुलिस ने चार करोड़पति डकैतों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दस लाख रुपये, डॉलर, यूरो और सोने चादी और हीरे भी बरामद हुए हैं।
वैशाली [जेएनएन]। पुलिस ने चार करोड़पति डकैतों को राजापाकर थानाक्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इन स्पेशल डकैतों के पास से लूट के 10 लाख रुपये, काफी मात्रा में डॉलर और यूरो के साथ ही आधा किलो से अधिक के सोने के जेवरात और चांदी का सामान के साथ हीरा भी बरामद किया गया है।
चोरों के इस गिरोह के पास से पुलिस को दो देसी पिस्तौल, छह कारतूस और एक टाटा सूमो गाड़ी भी मिला है।डकैतों की उस समय गिरफ्तारी हुई जब चारों डकैत टाटा सूमो गाड़ी से लूटे गए सामान को ठिकाने लगाने की जुगाड़ में थे।
बरामद किए गए सोने और चांदी के जेवरात की कीमत तकरीबन 20 लाख रुपए आंकी जा रही है जबकि डकैतों के पास से लाखों के डॉलर और यूरो मनी के नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए डकैतों ने राज्य के कई जिलों में डकैती की घटना को अंजाम दिया था ये उन्होंने स्वीकारा है और साथ ही बताया है कि उन्होंने डकैती से कमाये करोड़ों रुपए से जमीन-जायदाद भी खरीदे हैं।
पटना सिटी के रहने वाले एक डकैत रामकिशोर सिंह उर्फ बाबा ने बताया कि वो अपनी बेटी को पटना के महंगे स्कूल में पढ़ाने के लिये डकैतों के इस गिरोह में शामिल हुए थे।
वैशाली एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि पूर्व में पकड़े गए नौ डकैतों की निशानदेही पर पुलिस इनकी तलाश में थी। उन्होंने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड जेल में है और इस कारण गिरोह के सदस्य लूट के बचे सामानों को ठिकाना लगाने की ताक में थे। इसी दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस के आधार पर सभी डकैतों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।