प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बिहार ने बनाया नया रिकार्ड, पूरे देश में सबसे अधिक कोविड टीकाकरण
Bihar Covid Vaccination News पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बिहार ने बनाया कोविड टीकाकरण का नया रिकार्ड मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था टीकाकरण का शुभारंभ 70 आक्सीजन प्लांट का लोकार्पण भी किया मिशन छह करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य अब काफी नजदीक
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Covid Vaccination Mega Drive: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (PM Narendra Modi Birthday) के मौके पर 17 सितंबर को बिहार ने एक नया रिकार्ड बनाया। पूरे बिहार में कोरोनावायरस से बचाव के लिए टीकाकरण का सबसे बड़ा अभियान चलाकर करीब 29 लाख लोगों को कोविड टीके की पहली और दूसरी डोज लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि रात के आठ बजे तक 26 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण रिकार्ड में दर्ज हो चुका था। कई जगह इसके बाद भी टीकाकरण चलता रहा तो कुछ जगह से डाटा अपडेट होने में थोड़ा वक्त लगा। बताया जा रहा है कि सरकार ने एक दिन में 39 लाख से अधिक लोगों को कोविड के टीके देने के लक्ष्य निर्धारित किया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की मौजूदगी में मेगा टीकाकरण अभियान 2.0 का लोकार्पण पटना पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में किया था।
राज्य में टीकाकरण के लिए करीब 15 हजार वैक्सीन सेंटर सक्रिय किए गए थे। जहां लोगों को वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज दी गयी। टीकाकरण का यह अभियान देर रात तक जारी रहा। टीकाकरण अभियान का शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में किया। इस दौरान उन्होंने 70 आक्सीजन जेनेरेशन प्लांट का लोकार्पण भी किया। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने इसके पहले 31 अगस्त को भी राज्य में टीकाकरण का महाभियान चलाया गया था। एक दिन के उस महाभियान में 27.23 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया था।
इसके पहले पांच अगस्त को भी महाभियान चलाकर 9.26 लाख नागरिकों को वैक्सीनेट किया गया था। राज्य में एक जुलाई से मिशन छह करोड़ टीकाकरण शुरू किया गया था। इसके तहत हर महीने एक करोड़ लोगों का टीकाकरण करते हुए दिसंबर तक छह करोड़ लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। आपको यह भी बता दें कि राज्य में अब तक 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 4,61,18,381 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इस प्रकार मिशन छह करोड़ के लक्ष्य के अनुरूप शेष करीब एक लाख 40 हजार लोगों के टीकाकरण के लिए सरकार के पास अभी करीब साढ़े तीन महीने का वक्त है।
इससे पहले चले टीकाकरण महाभियान
31 अगस्त : 27.23 लाख
05 अगस्त : 9.26 लाख
08 मार्च : 2.02 लाख (महिला दिवस)
12 मार्च : 1.35 लाख (पंचायती राज के सहयोग से
एक जुलाई से चल रहा महाभियान, लक्ष्य प्रति महीने एक करोड़ को वैक्सीनेट करना।