रामनवमी पर PM मोदी व CM नीतीश ने दी बधाई, इन्होंने भी दिए शुभकामना संदेश
पूरे देश की तरह बिहार में भी रामनवमी की धूम है। इस अवसर पर पीएम मोदी व सीएम नीतीश कुमार सहित अनेक नेताओं व गणमान्य लोगों ने बधाई दी है।
पटना [जेएनएन]। रामनवमी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित तमाम नेताओं व गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में सदभाव को विरासत को कायम रखने की अपील की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रामनवमी की शुभकामना देते हुए कहा कि भगवान राम द्वारा स्थापित जीवन मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं। उनके आदर्श, समर्पण एवं त्याग को अपनाकर राज्य और देश की प्रगति में पूरी निष्ठा के साथ सहभागी बनें। रामनवमी जैसे पर्व राष्ट्रीय एकता, अखण्डता तथा देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं। उन्होंने राज्यवासियों से आह्वान किया कि पावन पर्व रामनवमी को आपसी भाईचारा, पारस्परिक प्रेम, सामाजिक सद्भाव के साथ मिल-जुलकर हर्षोल्लास के साथ मनाएं।
रामनवमी के अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुश्रील कुमार मोदी ने जनता को बधाई दी। साथ ही शोभा यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने पर भी बल दिया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रामनवमी के अवसर पर पटना के महावीर मंदिर में पूजा की। इस असवर पर उन्होंने जनता को रामनवमी की बधाई दी। कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में भगवान राम की मर्यादा है। सभी को भगवान राम का अनुकरण करना चाहिए।
रामनवमी के अवसर पर बधाई देने वालों में मंत्री मंगल पांडेय व प्रमोद कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आदि भी श्ाामिल हैं।