2020 का जश्नः पुलिस छावनी में तब्दील हुए पिकनिक स्पॉट, जगह-जगह दंडाधिकारी और फोर्स तैनात Patna News
नए साल के रंग में भंग न पड़े इसके लिए पटना पुलिस मुस्तैद रहेगी। पार्कों से लेकर धर्मिक स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पटना, जेएनएन। वर्ष 2020 के स्वागत के दौरान प्रशासन चौकस है। पहले दिन शहर के पिकनिक स्पॉट होटल क्लब व चौक-चौराहों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था है। हुड़दंग करने वालों को गिरफ्तार कर लिया सख्त कार्रवाई की योजना प्रशासन ने बना ली है।
पार्कों में रहेगी विशेष नजर
जिलाधिकारी कुमार रवि बताया कि नव वर्ष पर सुरक्षा की सख्त व्यवस्था की गई है। संजय गांधी जैविक उद्यान, राजधानी वाटिका, कुम्हरार पार्क, पटना जंक्शन, हनुमान मंदिर व अन्य स्थानों पर लोगों की काफी भीड़ होने की संभावना है। शांति व विधि व्यवस्था संधारण के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
पहले दिन यातायात की सुगम व्यवस्था रहेगी। सभी थानाध्यक्ष भीड़भाड़ वाले क्षेत्र व संबंधित मार्गों पर सघन वाहन गश्ती सुनिश्चित करेंगे। सिविल सर्जन किसी आकस्मिकता से निपटने के लिए एहतियात के तौर पर जिला नियंत्रण कक्ष, राजधानी वाटिका, संजय गांधी जैविक उद्यान, कुम्हरार पार्क, हनुमान मंदिर व पटना जंक्शन पर एम्बुलेंस के साथ 31 दिसंबर की शाम छह बजे से चिकित्सक दल की प्रतिनियुक्ति औषधियों के साथ करना सुनिश्चित करेंगे।
हर क्षेत्र पर रहेगी प्रशासन की नजर
जिलाधिकारी ने बताया कि शहर के सभी क्षेत्रों पर प्रशासन की नजर रहेगी। लोग शांतिपूर्ण तरीके से नववर्ष के प्रथम दिन जश्न मनाएं। नगर दंडाधिकारी शैलेंद्र भारती ने बताया कि जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा। साथ ही अस्थाई नियंत्रण कक्ष भी कार्य करेंगे।