मीटिंग के बहाने बुलाकर दारोगा की विधवा से किया सामूहिक दुष्कर्म, हुई गर्भवती
गया की रहने वाली एक महिला के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीडि़त महिला का पति पहले बिहार पुलिस में दारोगा था।
पटना, जेएनएन। गया की रहने वाली एक महिला के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उसे मीटिंग के नाम पर गया से पटना के एक होटल में बुलाया गया था। इसके बाद उसी होटल में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इस बाबत पटना महिला थाने में मामला दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित महिला गया के मानपुर इलाके की रहने वाली है।
बड़ी बात यह है कि जिस महिला के साथ यह वारदात हुई है उसके पति बिहार पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। 1994 बैच में उनकी नियुक्ति हुई थी, लेकिन साल 2004 में गया में ही एक दुर्घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। इलाज के दौरान 2012 में उनकी मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद वह किसी तरह अपने इकलौते बेटे को पढ़ा-लिखा रही थी।
इसी बीच उनके घर में जहानाबाद का रहने वाला नित्यानंद नाम का एक व्यक्ति किराए पर रहने के लिए आया। वह एक घरेलू प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी में काम करता था। पीड़िता के मुताबिक नित्यानंद ने उसके पैसे दोगुना करने का प्रलोभन देकर 4.50 लाख रुपये शेयर में लगाने के नाम पर ले लिए। यही नहीं वह जिस कंपनी में काम करता था, उसके प्रोडक्ट की एक दुकान खुलवा दी। जब महिला शेयर में लगाने के नाम पर लिए गए पैसे नित्यानंद से मांगने लगी तो वह टरकाने लगा। इसके बाद पीड़िता ने उसे अपने घर से निकाल दिया, लेकिन वह पैसों की मांग लगातार करती रही।
शेयरधारकों की बैठक के नाम पर बुलाया गया पटना
बीते चार अगस्त को किराएदार रहे नित्यानंद ने महिला को फोन कर पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार स्थित एक होटल में शेयरधारकों की मीटिंग के नाम पर बुलाया। वहां कुछ महिलाएं व पुरुष भी थे। शाम आठ बजे मीटिंग समाप्त होने के बाद पीड़ित महिला गया जाने के लिए पटना स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने निकली। जैसे ही वह बेली रोड स्थित एक मंदिर के पास पहुंची, वैसे ही पीछे से एक काले रंग की कार लेकर नित्यानंद अपने दोस्तों पंकज व संतोष के साथ उनके पास पहुंचा और बोला कि महिलाओं के ठहरने के लिए होटल में कमरे की व्यवस्था है। इस समय यहीं रुकने और सुबह चले जाने का आग्रह किया।
उसके कहने पर महिला कार में बैठ गई और उसी होटल में पहुंची जहां मीटिंग थी। महिला का कहना है कि उसे होटल के कमरा नंबर-412 में ले जाया गया। जब वह पहुंची तो कमरे में कोई नहीं था। डर से वह भागने लगी। इसके बाद तीनों ने उसे कमरे में दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। डर व लोकलाज के भय से वह सुबह उस होटल से निकली और गया अपने घर आ गई।
गया में नहीं दर्ज हुआ केस तो पटना पहुंची महिला
महिला ने अपने कुछ रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी तो उनके हौसला बढ़ाने पर वह गया में केस दर्ज कराने थाने गई। लेकिन घटनास्थल पटना का होने के कारण केस नहीं दर्ज किया गया। इसके बाद वह पटना के महिला थाने पहुंची। यहां भी उसका आवेदन नहीं लिया जा रहा था। मशक्कत के बाद आवेदन लिया गया। इसके बाद पुलिस उस होटल में गई और कमरे की छानबीन की। मैनेजर से पूछताछ कर रजिस्टर आदि की जांच की। तब से पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़िता ने कहा कि घटना के बाद वह गर्भवती हो गई है। समाज व लोकलाज के डर से वह लोगों से कुछ बता भी नहीं रही।
पटना में महिला थानाध्यक्ष आरती जायसवाल ने कहा, पीड़ित महिला के आवेदन पर घटना की जांच चल रही है। होटल के मैनेजर व स्टाप से भी पूछताछ की गई है। जल्द ही पुलिस इसमें आगे की कार्रवाई करेगी। आरोपित लोगों का सत्यापन कराया जा रहा है।