धनतेरस पर गाड़ियों की डिलीवरी लेने सुबह से ही पहुंचने लगे ग्राहक, नए वाहन पाकर खिल रहे चेहरे
धनतेरस को लेकर राजधानी के दो पहिया और चार पहिया वाहनों के शोरूम पर अपने बुक किये वाहनों की डिलीवरी लेने के लिए लोग सुबह से ही पहुंचने लगे हैं। शोरूम प्रबंधक भी सुबह से ही शोरूम खोल दिये हैं।
जेएनएन, पटना। धनतेरस को लेकर राजधानी के दो पहिया और चार पहिया वाहनों के शोरूम पर अपने बुक किये वाहनों की डिलीवरी लेने के लिए लोग सुबह से ही पहुंचने लगे हैं। शोरूम प्रबंधक भी सुबह से ही शोरूम खोल दिये हैं। कई शोरूम पर बुधवार रात 12 बजे के बाद से ही डिलीवरी दी जाने लगी। गुरुवार और शुक्रवार दो दिन धनतेरस होने से आज भी कुछ लोग गाड़ियों की बुकिंग करेंगे। सुबह से ही गाड़ियों के शोरूम ग्राहकों से गुलजार है। तो वहीं, सोने और चांदी के छोटे से लेकर बड़े शोरूम पर भी ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच गए है।
प्रेमा होंडा के तीन शाखा से 600 दो पहिया वाहनों की होगी डिलीवरी
एग्जिबिशन रोड प्रेमा होंडा के जेनरल मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि बुधवार को हमारा शोरूम बंद ही नहीं हुआ। बुधवार देर शाम तक ग्राहक दो पहिया वाहनों की बुकिंग करते रहे। हमारे तीन शाखा एग्जिबिशन रोड,बोरिंग रोड और महेंद्रू से स्कूटी और बाइक मिलाकर आज 600 दो पहिया वाहनों की डिलीवरी होगी। ग्राहक सुबह से ही डिलीवरी लेने के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक 13 दो पहिया की डिलीवरी हो चुकी है। एस पी 125 और एक्टिवा 6 जी की की ज्यादा बुकिंग हुई है।
पूरे पटना में पांच हज़ार वाहनों के डिलीवरी की उम्मीद
चंदन हीरो और लीडर ऑटोमोबाइल के मालिक पुष्पेश सरस ने बताया कि इस बार पूरे पटना में पांच हज़ार दो पहिया वाहनों की डिलीवरी होगी। हमारे शाखा चंदन हीरो से गुरुवार और शुक्रवार को मिलाकर 500 दो पहिया वाहनों की डिलीवरी की जाएगी। दो घंटे पहले सुबह 7:30 बजे ही शोरूम को खोल दिया गया है। लोग सुबह से ही डिलीवरी लेने के लिए पहुंच गए हैं। देर रात 12 बजे तक डिलीवरी दी जाएगी। बुधवार को 70 लोगों ने हमारे शाखा से दो पहिया वाहनों की बुकिंग की है।
बुधवार रात से ही होने लगी डिलीवरी
अलंकार ऑटो ग्रुप के सीईओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि धनतेरस बुधवार रात 12 बजे से शुरू हो गई। हमारे शोरूम से 12 बजे रात के बाद से डिलीवरी दी जाने लगी। बुधवार रात 12 बजे के बाद 10 लोगों ने डिलीवरी ली। बुधवार को 70 चार पहिया वाहनों की बुकिंग भी हुई। आज भी बुकिंग होने की उम्मीद है। आज हमारे राजपुर और बेली रोड शाखा से 390 चार पहिया वाहनों की डिलीवरी होगी। सभी गाड़ी सैनिटाइज और रैप करके रखी हुई है। शाम चार बजे तक सभी डिलीवरी हो जाने की उम्मीद है। इस बार नेक्सा में बलेनो और एक्सेल सिक्स जबकि अरीना में बैगन आर और अर्टिगा मॉडल की अधिक बुकिंग हुई है।