युवकों को मिली ऐसी सजा, शरीर पर लिखा- लड़की के साथ छेडख़ानी की
बिहार के नालंदा जिले में छेड़खानी करने के आरोप में दो युवकों के चेहरे पर कालिख पोत उसकी जमकर पिटाई की गई। अर्धनग्न कर उसे पूरे बाजार में घुमाया।
नालंदा [जेएनएन]। युवती के साथ छेड़छाड़ करना दो युवकों को काफी महंगा पड़ा। ग्रामीणों ने दोनों मनचले युवकों को पकड़कर पहले उसकी जमकर धुनाई की बाद में उसके चेहरे पर कालिख पोत कर उसे अर्धनग्न कर पूरे बाजार में घुमाया गया।
यह वाकया नालंदा जिले के सिलाव थाना से महज कुछ ही दूरी पर होता रहा, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नही लगी। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को अर्धनग्न कर छाती के ऊपर लड़की के साथ चालक ने किया छेड़छाड़ लिखकर भरी समाज मे घुमाया गया।
बताया जाता है कि रविवार को सिलाव उच्च विद्यालय में छात्रा फॉर्म भरने जा रही थी। इसी बीच बिहारशरीफ से मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे युवकों ने छेडख़ानी की घटना को अंजाम दिया। इस छेडख़ानी की घटना को स्थानीय लोगों ने देखा जिसके बाद मनचले युवकों को पकड़कर सिलाव लाया गया।
पहले उसकी जमकर पिटाई की गई उसके बाद युवकों के चेहरे पर कालिख पोता गया और शरीर पर लिखा गया कि लड़की के साथ छेडख़ानी किया गया। इस पूरे घटना के बाद भी पुलिस अनभिज्ञ बनी रही।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में कोई सूचना नहीं है। हैरानी इस बात की है कि सिलाव बाजार में घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। यह बात किसी को पच नहीं रहा है।
पुलिस के इस कार्यशैली पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। यहां बता दें कि इस तरह की घटना नालंदा जिले में कोई पहली घटना नहीं है। अभी कुछ दिनों पूर्व में ही नूरसराय प्रखंड के अजयपुर पंचायत में सारेआम भरी पंचायत में मुखिया के द्वारा एक व्यक्ति को खैनी मांगने के एवज में थूक चटवाने का काम किया गया था।