पकड़े जाने पर नाबालिग प्रेमी युगल ने कही एेसी बात, लोगों ने करा दी शादी
नवादा जिले में एक प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने रात के अंधेरे में उसके घर पहुंच गया। दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में लोगों ने पकड़ लिया। दोनों ने एेसी बात कही कि लोगों ने शादी करा दी।
नवादा, जेएनएन। जिले के रजौली थानाक्षेत्र में मंगलवार की रात लोगों ने नाबालिग प्रेमी युगल की शादी करा दी। घटना रजौली के टकुआटांड़ पंचायत की उपरटंडा मोहल्ले की है, जहां बभनटोली मोहल्ले का एक लड़का उपरटंडा मोहल्ले में अपनी प्रेमिका के घर रात के अंधेरे में मिलने पहुंचा।
लड़की के परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया जिसके बाद बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। हंगामा देख आसपास के लोग भी जमा हो गए तो लड़का-लड़की दोनों से पूछताछ की गई। दोनों ने कहा कि वो एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं और एक-दूसरे के बिना जीना नहीं चाहते। अगर दोनों को अलग करने की कोशिश की गई तो वो अपनी जान देंगे।
इसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के परिजनों से बात की। दोनों पक्षों के बीच देर तक बात होती रही। जिसके बाद लड़के के परिजन भी लड़की के परिजनों के निर्णय के साथ आ गए। लेकिन, प्रेमी युगल की शादी के बीच कानून का पेंच फंस रहा था। क्योंकि कानूनन दोनों नाबालिग थे और बालिग होने में अभी समय बचा था।
अंतत: राय-मशविरा कर सामाजिक हित में दोनों की शादी करा दी गई। शादी के बाद दोनों को परिजन लेकर झारखंड के झुमरी तिलैया चले गए, जहां लड़की की ननिहाल है।