बिहार बोर्ड के इंटर की परीक्षा में हिंदी विषय की लिखावट पर दें ध्यान, यह काम भी दिलाएगा बेहतर अंक
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से ली जाने वाली इंटर की परीक्षा में हिंदी में कुल 100 अंकों के सवाल होंगे। उसमें से 50 अंकों के वस्तुनिष्ठ सवाल होंगे इसके लिए 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। यह बेहतर अंक दिला सकते हैं।
पटना, जागरण संवाददाता। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से ली जाने वाली इंटर की परीक्षा में हिंदी में कुल 100 अंकों के सवाल होंगे। उसमें से 50 अंकों के वस्तुनिष्ठ सवाल होंगे, इसके लिए 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, उनमें से केवल 50 सवालों का उत्तर ही परीक्षार्थियों को देना होगा। प्रत्येक वस्तुनिष्ठ सवाल के लिए एक अंक निर्धारित किया गया है। जगन्नाथ उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ हिन्दी शिक्षक डा. नवीन कुमार का कहना है कि परीक्षा में दीर्घ एवं लघु उत्तरीय सवाल भी काफी महत्वपूर्ण होंगे।
15 अंकों के होंगे दीर्घ उत्तरीय सवाल
हिंदी की परीक्षा में 15 अंकों के दीर्घ उत्तरीय सवाल होंगे। कुल छह सवाल पूछे जाएंगे, जिसमें से तीन को बनाना होगा। प्रत्येक के लिए पांच अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं, दस अंकों के लघु उत्तरीय सवाल पूछे जाएंगे। दस लघु उत्तरीय सवाल होंगे, जिसमें से पांच का उत्तर देना होगा, प्रत्येक सवाल दो अंकों के होंगे।
25 अंकों का व्याकरण महत्वपूर्ण
हिंदी के शिक्षकों का कहना है कि परीक्षा में व्याकरण से पूछे जाने वाले सवाल परीक्षार्थियों को बेहतर अंक दिलाने में काफी सहायक होंगे। परीक्षा में दो संक्षेपण पूछे जाएंगे। इनमें से एक बनाना होगा, इसके लिए चार अंक निर्धारित किए गए हैं। एक पत्र लिखना होगा, उसके लिए पांच अंक निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए एक विकल्प भी छात्रों को दिया जाएगा। निबंध के लिए छह टापिक दिए जाएंगे। उसमें से किसी एक पर निबंध लिखना होगा। निबंध के लिए आठ अंक निर्धारित किए गए हैं। इंटर की परीक्षा में दो व्याख्या लिखना होगा, प्रत्येक के लिए चार अंक मिलेंगे।
शिक्षकों की सलाह
हिंदी की परीक्षा में लिखावट काफी महत्वपूर्ण होता है। लिखावट साफ व स्वच्छ हो
पुस्तक में दिए गए प्रश्नों का प्रतिदिन अभ्यास करें
पूर्व की परीक्षा में पूछे गए सवालों को हल करने से मिलेगा लाभ
माडल पेपर का नियमित अभ्यास जरूरी है
हिंदी में व्याकरण के साथ-साथ कहानी एवं कविता दोनों का अध्ययन जरूरी है