घोड़े पर सवार होकर पटना एएएसपी मनु महाराज ने किया घाटों का निरीक्षण
सिंघम नाम से मशहूर पटना के एसएसपी मनु महाराज का सोमवार को नया रूप देखने को मिला। जिन-जिन घाटों पर गाड़ी नहीं जा सकती थी वहां मनु महाराज घोड़े पर सवार को सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे।
पटना [जेएनएन]। पटना के एसएसपी मनु महाराज ने छठ घाटों की सुरक्षा का जायजा लेने के लिए सोमवार को नया तरीका अपनाया। जिन घाटों पर गाडिय़ां नहीं जा सकतीं वहां एसएसपी घोड़े से गश्ती करते हुए दिखाई दिए। सुबह जैसे ही मनु महाराज दियारा घाट पहुंचे लोग उनकी तस्वीरें लेने लगे।
घोड़े पर सवार मनु महाराज अकेले नहीं थे। उनके साथ जवानों का दलबल भी शामिल रहा। निरीक्षण के दौरान वे दीघा से कलेक्ट्री घाट तक गए। इस दौरान उन्होंने घाट के हर कोने का मुआयना किया।
कंट्रोल रूम कर्मियों को दिया दिशा निर्देश
चाक चौबंद सुरक्षा का जायजा लेने के क्रम में एसएसपी मनु महाराज ने घाट किनारे बने कंट्रोल रूप का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सुरक्षा में किसी तरह की भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बोट से निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण पर रहा जोर
घोड़े की सवारी करते हुए घाटों का निरीक्षण करने के बाद एसएसपी दोपहर में बोट की सवारी करते हुए दिखाई दिए। एनडीआरएफ की बोट पर कलेक्ट्री घाट पर अश्वरोही दल के साथ उन्होंने गाय घाट का मुआयना किया।
वहीं गाय घाट पहुंचे एसएसपी ने घाट का जायजा लिया। साथ ही छठ के दौरान इस घाट पर जुटने वाली भीड़ को नियंत्रण करने के आदेश दिए। इस दौरान एसएसपी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर निरीक्षण किया गया। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को ट्रैफिक व्यस्था चुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि उनकी सुविधाओं के लिए जो नियम बनाए गए हैं उसका पालन किया जाए।