पटना को पानी-पानी करने के बाद बारिश थमने से राहत, अब जल निकासी की कवायद Patna News
पटना को पानी-पानी करने के बाद अब बारिश थम गई है। अब निगम प्रशासन के पास घरों के अंदर पानी निकालने की कवायद है।
पटना, जेएनएन। राजधानी में कई दिनों से हो रही बारिश थम गई है। अब चुनौती घरों से पानी निकालने को लेकर है। अभी भी शहर के कई स्थानों पर पानी लबालब भरा है। राजेंद्र नगर और कंकड़बाग की हालत तो सबसे ज्यादा खबरा है। सड़कों पर कीचड़ होने से जीना मुहाल हो गया है। मंगलवार की सुबह से बारिश तो नहीं हुई है पर बदरी का मौसम डरा रहा है।
इधर, सोमवार को जब जल निकासी के लिए कुर्जी का संप हाउस खोला गया तो उसमें से पानी की निकासी ही नहीं हो पा रही थी। फिर आनन-फानन में नाले की सफाई कराई गई तो पानी की निकासी शुरू हुई है। मानसून की आमद से पहले राजीव नगर व कुर्जी नाले की सफाई में पटना नगर निगम के पाटलिपुत्र अंचल के अधिकारियों की लापरवाही साफ दिखी। स्थिति यह रही कि कुर्जी नाले की सफाई ही नहीं कराई गई थी। विशेष प्रतिनियुक्ति पर पटना पहुंचे अधिकारी विशाल आनंद की निगरानी में सोमवार को नाले की सफाई कराई गई। इसमें करीब 50 मीटर से अधिक नाला चोक मिला। दो पोकलेन मशीन के माध्यम से नाले से अतिक्रमण व कचरे को निकाला गया। इसके लिए निगम से कई हाईवा व जेसीबी मशीन लगाई गईं। इसके बाद कुर्जी संप तक फ्लो में पानी पहुंचने लगा।
वार्ड-22बी पार्षद सह नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति सदस्य सुचित्र सिंह ने बताया कि मानसून से पहले ही निगम अधिकारियों से कुर्जी-राजीव नगर नाले की सफाई की गुहार लगाई थी। लेकिन पाटलिपुत्र अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी व नगर प्रबंधक की लापरवाही के कारण राजीव नगर, पाटलिपुत्र, कुर्जी आदि इलाके डूब गए। राजीव नगर-कुर्जी जैसे महत्वपूर्ण नाले की सफाई नहीं होने पर अधिकारियों ने भी आश्चर्य जताया।
इधर, बांकीपुर अंचल के बुद्धमूर्ति के समीप बलदेव सहाय पथ में विशालकाय पेड़ गिर गया। इससे यातायात व विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। सूचना पर निगम व विद्युत कर्मियों ने पेड़ को हटाकर व्यवस्था दुरुस्त की। वार्ड 38 के पार्षद डॉ. आशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि न्यू एरिया कदमकुआं, कांग्रेस मैदान रोड, पार्क रोड, जनक किशोर रोड, नवल किशोर रोड आदि इलाके से पानी तेजी से घट रहा है। कई इलाके अब भी प्रभावित हैं।
कुर्जी में लगाई गई डिवाटरिंग मशीन
राजीव नगर नाले में काफी मात्र में सिल्ट व कचरा जमा होने के कारण कुर्जी संप तक फ्लो में पानी नहीं पहुंच रहा था। कुर्जी नाले के पेपर फैक्ट्री का एरिया सिक्स लेन जाम हो गया था। बिहार राज्य पथ विकास निगम (बीएसआरडीसी) की मदद से कुछ जगहों पर नाला साफ कराया गया। निजी बाउंड्री तोड़ कर भी लगभग 50 मीटर एरिया की सफाई हुई। वहीं, पाटलिपुत्र कॉलोनी आदि से जल निकासी को लेकर कुर्जी होली फैमिली अस्पताल के पास नगर निगम की ओर से 98 एचपी की डिवाटरिंग मशीन लगाई गई। इसके लिए कुर्जी-गांधी मैदान सड़क के एक लेन को बंद कराया गया। वहीं, आर-ब्लॉक सर्पेटाइन नाले की सफाई भी बीएसआरडीसी के अधिकारियों की मदद से आर-ब्लॉक व हड़ताली मोड़ के बीच कराई गई। इससे हज भवन के पीछे के नाले से पानी का तेज बहाव शुरू हो गया है।