पटना का नया स्पीड बूस्टर- अब सड़क जाम से मुक्ति, आर ब्लॉक-हार्डिंग रोड फ्लाईओवर पर सरपट पर दौडऩे लगे वाहन
पटना के आर-ब्लॉक-हार्डिंग रोड फ्लाईओवर को आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। इसके साथ राजधानी में सड़क जाम की समस्या का समाधान होता दिख रहा है।
पटना, राज्य ब्यूरो। पटना के एक बड़े हिस्से में आने-जाने के लिए लगातार जाम को झेलने से रविवार को मुक्ति मिल गयी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को आर ब्लॉक फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी व पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव भी मौजूद थे। उद्घाटन के क्रम में यह तय हुआ कि आर ब्लॉक फ्लाईओवर का एक नया आर्म निर्माणाधीन आर ब्लॉक-दीघा सिक्स लेन के लिए भी बनाया जाए।
आर ब्लॉक-दीघा रोड भी अब आर ब्लॉक फ्लाईओवर से जुड़ेगा
आर ब्लॉक का फ्लाईओवर का एक आर्म अब आर ब्लॉक-दीघा सिक्स लेन सड़क से भी जुड़ेगा। आठ माह में यह काम पूरा होगा। खर्च होंगे 38 करोड़।
अब जीपीओ आर्म पर काम होगा शुरू
जीपीओ वाले आर्म के लिए मीठापुर आर्म तोड़े जाने का काम तुरंत शुरू होगा। इस पर खर्च होंगे 42 करोड़। आठ महीने में यह काम भी पूरा हो जाएगा।
आर ब्लॉक-वीरचंद पटेल पथ-हार्डिंग रोड फ्लाईओवर का फायदा
इस फ्लाईओवर के बन जाने से अगर आप आयकर गोलंबर होते हुए हवाई अड््डे की ओर जाना चाहते हैैं तो निर्बाध गति से इस फ्लाईओवर के रास्ते आप वहां पहुंच जाएंगे। कहीं जाम में नहीं फंसना है। यह फ्लाईओवर यारपुर फ्लाईओवर से भी जुड़ा है इसलिए उस ओर जाने के लिए भी यह बड़ी कनेक्टिवटी होगी। पटना-खगौल रोड भी इससे जुड़ा है।
इस तरह है इसके तीन आर्म की लंबाई
इस फ्लाईओवर के निर्माण पर 106 करोड़ रुपए खर्च हुए हैैं। अभी इसके तीन आर्म हैैं। विधानसभा मुख्यद्वार के समीप से आर ब्लॉक रोटरी तक के हिस्से की लंबाई 470 मीटर है और चौड़ाई 7.5 मीटर। आर ब्लॉक के वीरचंद पटेल पथ वाले आर्म की लंबाई 490 मीटर है और चौड़ाई 7.5 मीटर। भिखारी ठाकुर पास एलिवेटेड रोटरी का प्रावधान किया गया है जिसकी लंबाई 125 मीटर है।
आर ब्लॉक से मीठापुर जाने का रास्ता बंद होगा
यह तय हुआ कि अगले आठ महीने के भीतर आर ब्लॉक फ्लाईओवर के मीठापुर आर्म का निर्माण भी पूरा हो जाएगा। निर्माण को केंद्र में रख मीठापुर फ्लाईओवर का रैैंप तोड़ा जाएगा। आर ब्लॉक से मीठापुर के बीच पुल का हिस्सा लगभग तैयार है। इसे ध्यान में रख मीठापुर से आर ब्लॉक जाने और मीठापुर से आर ब्लॉक की ओर आने का रास्ता बंद होगा। डायवर्सन के रूप में आर ब्लॉक से मीठापुर आने वाले वाहन अदालतगंज होते हुए आएंगे। वहीं जाने वाले वाहन बुद्ध मार्ग की ओर से निकलेंगे।