Patna News: पटना में जमीन अधिग्रहण के पेंच में फंस सकता है सिक्स लेन अटल पथ का दूसरा फेज
पटना जंक्शन से बिना कहीं रुके सीधे सोनपुर पहुंचने का सपना अभी पूरा होता नहीं दिख रहा है। इसके पीछे वजह है अटल पथ योजना का अधूरा रहना। दीघा-आर ब्लॉक सिक्स लेन (अटल पथ) सड़क के फेज-टू का मामला भूमि अधिग्रहण के कारण अधर में फंसता दिख रहा है।
पटना, जागरण संवाददाता। पटना जंक्शन से बिना कहीं रुके सीधे सोनपुर पहुंचने का सपना अभी पूरा होता नहीं दिख रहा है। इसके पीछे वजह है अटल पथ योजना का अधूरा रहना। दीघा-आर ब्लॉक सिक्स लेन (अटल पथ) सड़क के फेज-टू का मामला भूमि अधिग्रहण के कारण अधर में फंसता दिख रहा है। बिहार राज्य सड़क विकास निगम की ओर से सड़क निर्माण के लिए कवायद की जा रही है। पहले चरण का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने इसी साल 15 जनवरी को किया था। पहले चरण में दीघा से आर ब्लॉक तक सिक्स लेन परियोजना को शामिल किया गया है। दूसरे चरण में दीघा से गंगा पथ को जोड़ने की परियोजना शामिल है। इसके लिए भारतीय खाद्य निगम की भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। भूमि अधिग्रहण के मामले को क्लीयर करने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव को दिया था।
जमीन संबंधी रेकर्ड नहीं मिलने से फंसा मामला
बताया जाता है कि उस भूमि के एवज में राशि का भुगतान करने से पहले कागजात की खोजबीन की गई, लेकिन कागजात नहीं मिलने के कारण राशि भुगतान का मामला फंस गया है। इसके कारण अब फेज-टू के निर्माण का मामला भी अधर में दिख रहा है।
- बिना भूमि अधिग्रहण के अधर में फंसा अटल पथ फेज-टू का मामला
- एफसीआइ से भूमि अधिग्रहण नहीं होने के कारण फेज टू का कार्य फंसा
- अप्रैल तक तैयार हो जाएगा दीघा फ्लाईओवर, एप्रोच पथ निर्माण की कवायद तेज
- 15 जनवरी को मुख्यमंत्री ने पहले चरण का किया था शुभारंभ
अप्रैल अंत तक पूरी तरह तैयार होगा दीघा फ्लाईओवर
बीएसआरडीसी के अधिकारियों की निगरानी में फेज-टू का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। फेज-टू के तहत दीघा में बन रहा फ्लाईओवर भी अप्रैल के अंत तक लगभग तैयार हो जाएगा। इसके बाद एप्रोच पथ का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया होने के बाद इसे गंगा पथ से जोड़ने की कवायद होगी। अभी गंगा किनारे गंगा पथ, जेपी सेतु, एम्स-दीघा एलिवेटेड पथ को एक साथ जोड़ने के लिए रोटरी का निर्माण बीएसआरडीसी की ओर से कराया जा रहा है। इसके निर्माण के बाद सभी एक जगह पर जुड़ सकेंगे।