बिहार म्यूजियम में शिफ्ट होगी पटना संग्रहालय की विरासत
बिहार के गौरव गान और विरासत को संभालने-सहेजने के लिए पटना के बेली रोड में बनाए जा रहे बिहार म्यूजियम को समृद्ध करने में राज्य सरकार जुट गई है। पटना संग्र्रहालय में 1947 से पहले की कोई भी दुर्लभ चीजें अब नहीं रहेंगी।
पटना। बिहार के गौरव गान और विरासत को संभालने-सहेजने के लिए पटना के बेली रोड में बनाए जा रहे बिहार म्यूजियम को समृद्ध करने में राज्य सरकार जुट गई है। पटना संग्र्रहालय में 1947 से पहले की कोई भी दुर्लभ चीजें अब नहीं रहेंगी। इन्हें बिहार म्यूजियम में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसकी सूची बनाई जाने लगी है और जल्द ही उन्हें स्थानांंतरित कर दिया जाएगा।
कला संस्कृति विभाग के सचिव आनंद किशोर ने पत्रकारों को बताया कि सरकार द्वारा बिहार म्यूजियम को भव्य बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि पटना म्यूजियम का अस्तित्व खत्म हो जाएगा। सरकार उसकी भव्यता का भी पूरा ख्याल रखेगी। उन्होंने कहा कि इसी साल जुलाई तक भवन बनकर तैयार हो जाएगा। चिल्ड्रेन गैलरी शुरू हो जाएगी। विधिवत रूप से इसका उद्घाटन भी कर दिया जाएगा। नवंबर तक म्यूजियम पूरी तरह तैयार हो जाएगा। अगले तीन महीने में पटना म्यूजियम का भी जीर्णोद्धार कर दिया जाएगा।
बिहार म्यूजियम की भव्यता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है। देश में ऐसा कोई और म्यूजियम अभी तक नहीं है। महाराष्ट्र और उड़ीसा जैसे अन्य राज्य भी इसके मॉडल की मांग कर रहे हैं।
जल्द बनेगी फिल्म नीति : सचिव आनंद किशोर ने कहा कि बिहार अपनी फिल्म नीति जल्द ही बनाएगा। इसके लिए फिल्म क्षेत्र से जुड़ी हस्तियों से सुझाव लेकर अंतिम निर्णय ले लिया गया है। फिल्म डेवलपमेंट कारपोरेशन को प्रारंभिक काम के लिए 50 लाख रुपये भी जारी कर दिए गए हैं। राजगीर में 20 एकड़ में फिल्म सिटी बनाने का प्रस्ताव है। इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट को भी विभाग के स्तर से स्वीकृति मिल गई है।