पटना म्यूजियम होगा फायरप्रूफ
पटना म्यूजियम कुछ माह पहले ही सौ साल का हुआ है।
पटना । पटना म्यूजियम कुछ माह पहले ही सौ साल का हुआ है। इसे यादगार बनाने के लिए कई कदम उठाएं गए हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण है इसे पूरी तरह से फायरप्रूफ करना। यहां दर्जनों ऐसी प्राचीन सामग्री संग्रहित हैं, जिस पर शोध करने के लिए विदेशों से विशेषज्ञ आते हैं। संग्रहालय सहायक शकर सुमन ने बताया की इसकी महत्ता को देखते हुए सरकार यह कदम उठाई है। संग्रहालय की छत फूस और कूट की बनी हुई है। इसे पूरी तरह से बदलने का काम शुरू हो चुका है। कुछ ही माह में इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद फायरप्रूफ की अन्य औपचारिकताएं भी पूरी की जाएंगी। इसके लिए लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
22 साल बाद हो रहा है रेनोवेशन
पटना म्यूजियम में भवन निर्माण विभाग द्वारा रेनोवेशन का काम किया जा रहा है। इस पर 90 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधिकारियों की मानें तो इससे पहले 1995 में रेनोवेशन हुआ था। रेनोवेशन के तहत गार्डन एरिया में टाइल्स लगाए जा रहे हैं। दर्शकों के लिए पार्क में कुर्सी को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। गर्मी के दिनों में परेशानी कम हो इसके लिए शेड के आसपास पौधे लगाए जा रहे हैं। साथ ही संरक्षित सामग्री को बेहतर तरीके से सजाने की तैयारी है।
पाथ वे किया जा रहा चौड़ा
पाथ वे को चौड़ा किया जा रहा है ताकि एक साथ तीन-चार लोग गुजर सकें। परिसर की सड़क भी दुरुस्त और चौड़ी की जा रही है। सड़क के बगल में इंटर लॉकिंग टाइल्स लगाए जा रहे हैं। बरसात में कीचड़ की समस्या नहीं हो इसके लिए नाले दुरुस्त किए गए हैं। सड़क के दोनों ओर हरियाली की पूरी व्यवस्था होगी। परिसर में पीने के पानी के लिए कई नल लगाए जा रहे हैं।
सौ साल पहले के रंग में दिखेगा
म्यूजियम की पूरी बिल्डिंग को प्रारंभिक लुक देने के लिए पेंटिंग की जा रही है। पीले और लाल रंग के मिश्रण से इसे सौ साल पहले जैसा लुक दिया जा रहा है। अधिकारियों की मानें तो वास्तविक लुक में किसी तरह का बदलाव नहीं हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है।
कोट ::::
पटना म्यूजियम में रेनोवेशन का काम जारी है। इसे जल्द ही पूरा कर लेने का लक्ष्य है। दर्शकों के लिए कई सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। पार्क को विशेष तौर पर आकर्षक बनाया जा रहा है। कुछ माह बाद म्यूजियम अपने वास्तविक रूप में दिखेगा।
- शंकर सुमन, सहायक संग्रहालय अध्यक्ष