बारिश के बाद अब कॉलोनियों में जमे पानी को निकालने में निगम को छूट रहे पसीने
पटना नगर निगम बारिश के बाद अब शहरियों का जलजमाव से निजात दिलाने में जुट गया है। शहर के कई स्थानों पर पानी भरा है। कीचड़ में लोग फिसल-फिसलकर गिर रहे हैं।
पटना, जेएनएन। पटना नगर निगम अब बाईपास के दक्षिण भाग को जलजमाव से राहत दिलाने के अभियान में जुट गया है। दो जल्ला से पानी निकालने के लिए रामकृष्णा नगर के ज्योतिष पथ के बीच नाले की खुदाई कर दी गई है। इससे लोग परेशान हो गए हैं। गाडिय़ां भी गड्ढे में गिर रहीं हैं। लोगों में निगम के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। इधर, निगम के अधिकारियों का कहना है कि जलनिकासी के लिए खुदाई जरूरी थी।
श्रीनगर में रास्ता काटकर पानी की निकासी की जा रही है। यहां बुडको की ओर से लगाई गई मशीन की बैटरी मंगलवार की रात चोरी हो गई। इस कारण पानी निकलने का काम ठप हो गया है। वार्ड 55 के रूपसपुर और नालंदा कॉलोनी से अब तक पानी नहीं निकल पाया है।
ज्योतिषपथ के पास एक पंप लगाकर पानी की निकासी की जा रही है। रूपसपुर, नंदलाल छपरा, मीठापुर में भी मशीन लगाकर पानी की निकासी की जा रही है। दशरथा में रास्ता काटकर पानी निकाला जा रहा है। आदर्शनगर, बुद्धिजीवी कॉलोनी में जलजमाव हो गया है। पटना नगर निगम के वार्ड 11 और आसपास का पानी हुल्लूपुर पंचायत में ह्यूम पाइप डालकर पानी की निकासी की जा रही है।
पुलिस कॉलोनी से पानी निकासी में छूट रहा पसीना
वार्ड दस स्थित पुलिस कॉलोनी से बारिश का पानी निकालने में निगम का पसीना छूट रहा है। हालांकि दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद निगम सक्रिय हुआ है, लेकिन अब भी लोगों को जलजमाव से मुक्ति नहीं मिल सकी है। पुलिस कॉलोनी की ब्रांच सड़कों पर भी पानी भरा हुआ है। कॉलोनी से धीमी गति से पानी निकल रहा है। मुख्य सड़कों का पानी निकल गया है। संप हाउस का नाला क्षतिग्रस्त होने से पूरी क्षमता के साथ जलनिकासी नहीं हो पा रही है। निगम की टीम कई स्थानों पर चैम्बर साफ कराने पहुंची। नाला साफ करने में मशीन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।