पटना सबसे गर्म, लू की चपेट में आया पूरा प्रदेश
पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
पटना। बिहार में रविवार को पटना सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के कारण लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार पूरा प्रदेश लू की चपेट में रहा। सोमवार को भी गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा 24 फीसद पहुंचने के कारण सुबह से गर्म हवा चल रही थी। रात तक हवा में गर्मी का अहसास किया गया।
गया का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया की हवा में नमी की मात्रा 25 फीसद पहुंचने के कारण लोग गर्मी से बेहाल रहे। भागलपुर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को तापमान यथावत रहेगा। प्रदेशभर में गर्म हवा सताएगी। 23 और 24 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है। 25 अप्रैल से तापमान में वृद्धि होगी।
मानसून रहेगा अनुकूल, सामान्य से 5 फीसद अधिक होगी बारिश
बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की अच्छी बारिश होने की संभावना है। जून से सितंबर तक मानसून अवधि के दौरान सामान्य से छह फीसद कम अथवा पांच फीसद अधिक वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार सितंबर में कम तीव्रता की बारिश हो सकती है।
मानसून पूर्वानुमान में बताया गया है कि अल नीनो की स्थिति कमजोर रहने के कारण अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार बारिश में विचलन की संभावनाएं कम हैं। वैश्विक भूमंडलीय और समुद्री गतिविधि के प्रारंभिक आंकड़े के आधार पर तैयार पूर्वानुमान के आधार पर कहा गया है कि प्रदेश में सामान्य से 94 फीसद अथवा अधिकतम 105 फीसद तक बारिश होगी। संभावना जताई गई है कि खरीफ फसल के लिए इस बार का मानसून अनुकूल रहेगा। सामान्य से अधिक बारिश की संभावना महज दो फीसद है। 39 फीसद अनुमान है कि सामान्य कह अपेक्षा 94 से 105 फीसद तक बारिश हो सकती है। 17 फीसद अनुमान है कि सामान्य से 10 फीसद कम वर्षा हो सकती है। 32 फीसद अनुमान लगाया गया है कि प्रदेश में सामान्य मानक के अनुरूप 90 से 96 फीसद तक बारिश होगी।